
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां करनैलगंज कोतवाली इलाके के हटही गांव में शराब के नशे में धुत पति-पत्नी के बीच घर में चिकन पकाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस खूनी क्लेश के बीच में उनकी 6 साल की मासूम बेटी भी आ गई और गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 24 सितंबर की देर शाम की है। हटही गांव का रहने वाला प्रमोद गौतम (35) अत्यधिक शराब के नशे में घर लौटा था। वह अपने साथ चिकन लेकर आया था और पत्नी से उसे बनाने को कहने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई। इस अफरा-तफरी के बीच उनकी 6 साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में गोंडा के एएसपी नितेश सिंह ने बताया कि पति के शराब के नशे में होने और मारपीट के दौरान बेटी की मौत होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में बच्ची के शरीर पर बाहरी चोट या खून के निशान नहीं मिले हैं।पुलिस अब इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या मारपीट के दौरान बच्ची किसी भारी चीज से टकरा गई या अंदरूनी चोट से उसकी जान गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।



