
लखनऊः बैंक ग्राहकों के लिए अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाओं को लेकर परेशानी बढ़ सकती है। रविवार को बैंक खुलने के बावजूद अगले सप्ताह हड़ताल और अवकाश के चलते बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा। बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल और गांधी जयंती की छुट्टी के कारण ग्राहकों को पूरे सप्ताह में केवल दो दिन ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो पहले तारीखों का हिसाब समझ लेना जरूरी है।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अधिकारी और कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले होने वाली इस हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी।
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल, अटक सकते हैं जरूरी काम
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल करेंगे। इसके चलते बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। ग्राहकों को खाते से जमानिकासी, नया खाता खुलवाने, ईकेवाईसी, ऋण संबंधी कार्य और बिलों के भुगतान जैसे कामों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान लखनऊ में करीब साढ़े सात हजार करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित होने की आशंका है।
अगले सप्ताह सिर्फ दो दिन मिलेंगी बैंकिंग सेवाएं
हड़ताल और अवकाश के चलते अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा। रविवार को बैंक खुलने के बाद भी अगले सप्ताह ग्राहकों को केवल दो दिन ही बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
27 सितंबर, रविवार: आरबीआई के निर्देश पर बैंक खुलेंगे।
28 सितंबर, सोमवार: देशव्यापी बैंक हड़ताल।
29 सितंबर, मंगलवार: देशव्यापी बैंक हड़ताल।
30 सितंबर, बुधवार: देशव्यापी बैंक हड़ताल।
1 अक्टूबर, बृहस्पतिवार: बैंक खुलेंगे।
2 अक्टूबर, शुक्रवार: गांधी जयंती का अवकाश।
3 अक्टूबर, शनिवार: बैंक खुलेंगे।
4 अक्टूबर, रविवार: साप्ताहिक अवकाश।
इस तरह हड़ताल और अवकाश के चलते ग्राहकों को बैंकिंग कामकाज के लिए सीमित समय मिलेगा। जरूरी कामों को लेकर ग्राहकों को पहले से योजना बनानी होगी।
रविवार को बैंक खुलने पर कर्मचारियों को मिलेगा ओवरटाइम
आरबीआई के निर्देश पर रविवार को भी बैंक खुलेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि आपात परिस्थितियों में आरबीआई को छुट्टी के दिन भी बैंक खोलने का अधिकार है। हालांकि, उस दिन काम करने वाले कर्मचारियों को बैंक की ओर से ओवरटाइम का भुगतान करना होगा।
उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारियों को डिसकंफर्ट अलाउंस भी देना होगा।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
बैंक कर्मचारियों की मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि यदि तीन दिवसीय हड़ताल के बाद भी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल घोषित की गई है।
ः



