
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता इलाके में साली की शादी के बाद एक परिवार में खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। शादी में शामिल होने मायके आई 30 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद की गर्दन पर भी वार कर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना नानौता थाना क्षेत्र के मोहल्ला चामंजिली की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कैराना निवासी 35 वर्षीय इरफान की शादी करीब 14 साल पहले गजाला से हुई थी। 21 सितंबर को गजाला की छोटी बहन की शादी थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए गजाला अपने पति के साथ सहारनपुर आई थी।
शादी के बाद घर में रिश्तेदार मौजूद थे और परिवार के लोग अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे। गुरुवार शाम गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी करवा रही थी और उसका सामान कमरे में पैक कर रही थी। इसी दौरान इरफान ऊपर बने कमरे में पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि इरफान ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गजाला पर हमला कर दिया। गजाला की चीख सुनकर नीचे मौजूद परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े।
कमरे का दरवाजा खुलते ही वहां का दृश्य देखकर परिवार के लोग सहम गए। गजाला खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी, जबकि इरफान भी गंभीर रूप से घायल था। परिजनों ने दोनों को तत्काल नानौता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया। वहीं इरफान की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पारिवारिक विवाद बना वारदात की वजह
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से ठीक पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक शादी के करीब 14 साल बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं थी और इस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। हालांकि गुरुवार शाम विवाद किस बात पर शुरू हुआ और इतनी बड़ी वारदात तक कैसे पहुंच गया, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही सामने आएगी।
घटना के बाद मृतका की मां संजीदा और उसके भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



