
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों जोड़तोड़ से जुट गए हैं। इसी कड़ी बहुजन समाज पार्टी ने संगठनात्मक कामकाज को गति देने के लिए राज्यों को तीन सेक्टर में बांटा है। पार्टी की मुखिया मायावती ने सेक्टरवार जिम्मेदारियां तय करते हुए पदाधिकारियों को संबंधित राज्यों में संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
यूपीउत्तराखंड की कमान मायावती के हाथ
बसपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सेक्टर1 में 10 राज्यों को शामिल किया गया है। इसकी जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को सौंपी गई है। वहीं सेक्टर2 में नौ राज्यों को रखा गया है। इस सेक्टर की जिम्मेदारी राजाराम और अतर सिंह यादव संभालेंगे। सेक्टर3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को शामिल किया गया है। इन दोनों राज्यों की जिम्मेदारी मायावती ने अपने पास रखी है और वह खुद संगठन की गतिविधियों की निगरानी करेंगी।
बारिश प्रभावित राज्यों पर भी नजर
मायावती ने बारिश और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं को राहत एवं मदद के काम में जुटने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए वह ईशान आनंद को प्रभावित राज्यों में भेजेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित जनता की यथासंभव मदद करने और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहने को कहा गया है। बसपा के इस संगठनात्मक पुनर्गठन को राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और जनसंपर्क को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।



