TrendingUttar Pradesh

​Amethi News : अमेठी में बारिश के बीच सड़क पर उतरे डीएम शशांक चौधरी, परखी जमीनी हकीकत, फसलों के नुकसान का होगा सर्वे

​Amethi News : अमेठी में बारिश के बीच सड़क पर उतरे डीएम शशांक चौधरी, परखी जमीनी हकीकत, फसलों के नुकसान का होगा सर्वे

अमेठी, अमृत विचार। जिले में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के बीच जनसमस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को उन्होंने मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, जलभराव और गोमती नदी के घाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन को राहत देने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सबसे पहले विद्युत उपकेंद्र मुसाफिरखाना पहुंचे। यहां उन्होंने बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगातार बारिश के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत पोल गिरने, तार टूटने या किसी अन्य तकनीकी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया जाए। डीएम ने विद्युत विभाग की टीमों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

गोमती घाटों पर मूर्ति विसर्जन की तैयारियां परखी

इसके बाद जिलाधिकारी ने आगामी मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए गोमती नदी के रीछ घाट और आम घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, साफसफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए।

जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी के निर्देश

लगातार बारिश से जिले में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए डीएम ने उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने को कहा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

बारिश से प्रभावित फसलों का होगा सर्वे

जिलाधिकारी ने बारिश से किसानों को हुए संभावित नुकसान को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराने और रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फसलों को नुकसान हुआ है, वहां सर्वेक्षण के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति और अन्य अनुमन्य लाभ उपलब्ध कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत, उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना, तहसीलदार मुसाफिरखाना समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply