BusinessIndia

​फ्री में सोने की अंगूठी बांटेंगे विजय! किन बच्चों को मिलेगा थलपति विजय की ‘गोल्ड रिंग’ स्कीम का फायदा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ नाम की एक कल्याणकारी योजना शुरू करेंगे. इस योजना के तहत, राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाले बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी देगी. विजय एक खास फ्लाइट से मदुरै पहुंचेंगे और सरकारी राजाजी अस्पताल में इस योजना को लॉन्च करेंगे. वह GRH ऑडिटोरियम में 25 नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठियां देंगे और उसी दिन पैदा हुए बच्चों को व्यक्तिगत रूप से अंगूठियां देने के लिए मैटरनिटी वार्ड भी जाएंगे. इस योजना के तहत, सरकारी अस्पताल में पैदा होने वाले हर पात्र नवजात शिशु को एक ग्राम, 22कैरेट सोने की अंगूठी मिलेगी. इसके लिए जरूरी है कि नवजात शिशु की मां तमिलनाडु की स्थायी निवासी हो.

​फ्री में सोने की अंगूठी बांटेंगे विजय! किन बच्चों को मिलेगा थलपति विजय की ‘गोल्ड रिंग’ स्कीम का फायदा

क्या है योजना का बजट

यह योजना मूल रूप से 15 सितंबर को शुरू की जानी थी, जो दिवंगत मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई की जयंती है, लेकिन विजय की लंदन यात्रा के कारण इसे टाल दिया गया था. राज्य सरकार ने इस योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपए का बजट रखा है. पहले चरण में 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं. सरकार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सोने की अंगूठियों पर खास सीरियल नंबर होंगे और उन्हें छेड़छाड़रोधी पैकेजिंग में बांटा जाएगा. यह योजना पूरे राज्य में लागू की जाएगी, सिवाय मदुरंथकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों के, जहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं.

क्या है पात्रता

पात्र लाभार्थियों का ‘प्रेग्नेंसी एंड इन्फेंट कोहोर्ट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन’ सिस्टम के तहत रजिस्ट्रेशन होना चाहिए और उनके पास ‘रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ’ ID होनी चाहिए. लाभार्थियों को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर सोने की अंगूठियां दी जाएंगी. सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि इस योजना से न केवल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जनता का भरोसा बढ़ेगा, बल्कि अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव को भी बढ़ावा मिलेगा. सरकार के अनुसार, तमिलनाडु में हर साल लगभग 7.80 लाख बच्चे पैदा होते हैं और ‘नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे6’ के मुताबिक, इनमें से 99.9 फीसदी प्रसव स्वास्थ्य संस्थानों में होते हैं. इनमें से लगभग 4.20 लाख डिलीवरी, यानी 53 फीसदी, सरकारी अस्पतालों में होती हैं. सरकारी अस्पतालों में होने वाली डिलीवरी में से 90 फीसदी ‘कॉम्प्रिहेंसिव इमरजेंसी ऑब्सटेट्रिक एंड नियोनेटल केयर’ सेंटर्स में होती हैं.

जोयालुकस और कल्याण ज्वैलर्स को वर्क ऑर्डर

लोकल लेवल पर इसे लागू करने, इन्वेंट्री पर नजर रखने और डिस्ट्रीब्यूशन में ट्रांसपेरेंसी लाने के लिए हर जिले में संबंधित जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष निगरानी समिति बनाई गई है. सत्ताधारी TVK के चुनाव से पहले किए गए एक अहम वादे, ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ के तहत एक ग्राम सोने की अंगूठियां सप्लाई करने के लिए जोयालुकस और कल्याण ज्वैलर्स को वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं. इस योजना को लागू करने के बारे में सरकारी आदेश 23 जून, 2026 को जारी किया गया था. इसके बाद सोमवार को ही विजय नए रूप में तैयार गांधी मेमोरियल म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे और वहां की सुविधाओं का जायजा लेंगे. हालांकि आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि विजय मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर जाएंगे, जहां हाल ही में प्राणप्रतिष्ठा समारोह हुआ था.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply