
लखनऊ, अमृत विचार: सरोजनीनगर के अमौसी स्थित साईं सुरक्षा नगर में शनिवार दोपहर आई बारिश और तेज आंधी के कारण बड़ा हादसा होतेहोते बचा। 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन पर एक पेड़ की डाल गिर जाने से डबल पोल पर रखा विद्युत ट्रांसफार्मर और लाइन के 7 खंभे उखड़कर जमीन पर आ गिरे। हादसे के बाद से करीब 200 घरों की बत्ती गुल है और सड़क पर फैले तारों से राहगीरों की जान पर खतरा बना हुआ है। अधिकारियों की बेपरवाही से नाराज होकर दर्जनों उपभोक्ता रविवार सुबह करीब 10 बजे नादरगंज पावर हाउस पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
रातभर अंधेरे में रहे 200 परिवार, पानी को तरसे लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका नादरगंज पावर हाउस के गौरी फीडर से जुड़ा है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हादसा होने के तुरंत बाद पावर हाउस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन विभाग ने कोई सुध नहीं ली। सूचना के नाम पर सिर्फ दो बिजलीकर्मी आए और मुआयना करके लौट गए। पूरी रात बिजली न रहने से घरों के समरसेबल बंद रहे, जिससे इलाके में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। अधिकारियों के रवैये से तंग आकर रविवार सुबह लोगों का सब्र टूट गया और वे नादरगंज पावर हाउस पर जुट गए।
JE के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
पावर हाउस पर उपभोक्ताओं के भारी हंगामे को देखकर वहां मौजूद अवर अभियंता दिनकर यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र उपभोक्ताओं को समझाया और जल्द से जल्द नए खंभे लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिया। इसके बाद ही नाराज लोग शांत होकर वापस लौटे।


