
लखनऊ, अमृत विचार। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई को सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर देवीपाटन मंडल के एक लाख बच्चों को फोल्डिंग स्टडी टेबल वितरित की गई हैं। इसका लाभ गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के बच्चों को मिला है। स्टडी टेबल मिलने से बच्चों को घर पर किताबकॉपी रखने और बैठकर पढ़ाई करने के लिए सुविधाजनक जगह मिल सकेगी।
सरकार की इस पहल से बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला। कई बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम कार्ड और पत्र भेजकर उनका आभार जताया। बच्चों ने अपने संदेश में पढ़ाई में मदद के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और ‘थैंक्यू’ कहा। यह पहल खास तौर पर उन बच्चों को ध्यान में रखकर की गई है, जिन्हें घर पर पढ़ाई के लिए उचित सुविधा नहीं मिल पाती। फोल्डिंग टेबल के जरिए ऐसे बच्चों को किताबकॉपी रखने के साथ पढ़ाई के लिए बेहतर जगह उपलब्ध हो सकेगी।
बहराइच में सबसे ज्यादा स्टडी टेबल का वितरण
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के अनुसार, अभियान के तहत सबसे अधिक 34,260 स्टडी टेबल बहराइच में वितरित की गईं। इसके बाद गोंडा में 27,650, बलरामपुर में 26,984 और श्रावस्ती में 11,106 टेबल दी गईं। इस तरह देवीपाटन मंडल ने एक लाख स्टडी टेबल वितरण का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया।
टॉपर विद्यार्थियों और कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं को लाभ
मंडलायुक्त के मुताबिक, ‘शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों में सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्टडी टेबल देने की व्यवस्था की गई। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सभी छात्राओं को भी लाभार्थियों में शामिल किया गया है। अभियान को सतत रूप से संचालित करने की योजना है, ताकि भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा सके और उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

