IndiaUttar Pradesh

​UP में अब GenZ को साधने में जुटे चिराग पासवान, बोले- बिहार की तर्ज पर बने युवा आयोग

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को प्रयागराज पहुंचे. यहां परेड ग्राउंड में हुए ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि बातचीत से ही समाधान निकलता है. चिराग पासवान ने कहा कि देश में बड़ी आबादी युवाओं की है, लेकिन उनके लिए युवा आयोग नहीं है.

​UP में अब GenZ को साधने में जुटे चिराग पासवान, बोले- बिहार की तर्ज पर बने युवा आयोग

उन्होंने बिहार में युवा आयोग के गठन का जिक्र करते हुए कहा कि अगर सरकार में भागीदारी रही तो उत्तर प्रदेश में भी युवा आयोग का गठन कराएंगे. युवा आयोग शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, व्यवसाय और युवाओं की समस्याओं पर काम करने वाला मंच होगा. पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी युवा आयोग का गठन होना चाहिए.

युवाओं से अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने की अपील

‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में चिराग पासवान ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीख तय होने के बाद उसे बदलना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर विभाग की गलती से परीक्षा रद्द होती है तो अभ्यर्थियों को आनेजाने, ठहरने और भोजन का खर्चा संबंधित विभाग को उठाना चाहिए.

चिराग पासवान ने युवाओं से अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने की अपील की. उन्होंने कहा कि हर युवा को नौकरी तलाशने वाला बनने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी सोचना चाहिए. उन्होंने राजनीति में शिखित युवाओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, उद्यमियों और कला क्षेत्र से जुड़े लोगों की भागीदारी की जरूरत बताई.

पीजी और हॉस्टल की फीस पर निगरानी

इस कार्यक्रम में देवरिया की रहने वाली एक छात्रा ने प्राइवेट हॉस्टल और पीजी की सुविधाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि अलगअलग राज्यों से छात्र प्रयागराज आते हैं. हॉस्टल और पीजी मालिक किराया तो ज्यादा लेते हैं लेकिन उस हिसाब की सुविधाएं नहीं देते.

उन्होंने दिल्ली में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रयागराज में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए. चिराग पासवान ने कहा कि प्राइवेट आवासीय व्यवस्थाओं पर सरकार को नजर रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि कई बार छात्रों को एक ही कमरे में क्षमता से ज्यादा संख्या में रखा जाता है. उन्होंने कहा कि सरकार इन समस्याओं से मुंह नहीं फेर सकती.

युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने पर जोर

इस कार्यक्रम में मिर्जापुर के एक प्रतियोगी छात्र ने परीक्षाओं में असफल होने वाले युवाओं के सामने राेजगार और सामाजिक दबाव की परेशानी का जिक्र किया. उन्होंने पूछा कि ऐसे युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के लिए सरकार क्या मदद कर सकती है. इस पर चिराग पासवान ने कहा कि भारत में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है.

युवाओं का उत्साह बढ़ा

‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं की अच्छी भागीदारी रही. चार बजे के प्रस्तावित कार्यक्रम के पहले ही युवा कार्यक्रम स्थल पर नजर आने लगे. लगभग 4 बजकर 20 मिनट पर मैरून रंग की टीशर्ट, जींस, काले जूते व माथे पर तिलक लगाए चिराग ने एकदम जेनजी अंदाज में मंच पर आकर युवाओं का अभिवादन किया तो भीड़ ने तालियों और चिराग पासवान जिंदाबाद के नारों से उनका स्वागत किया. मंच पर चिराग से सवालजवाब के लिए भी युवा बढ़चढ़ कर आगे आए.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply