
लखनऊ, अमृत विचार : पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि एआई और सोशल मीडिया के दौर में पर्यटन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। युवा नए अनुभवों के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पर्यटन मंत्री, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को होटल दयाल पैराडाइज में पर्यटन विभाग और यूपीएचआरए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक स्थलों के विकास के जरिए नई पीढ़ी को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।
उप्र. होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार जायसवाल ने कहा कि युवाओं में सोलो ट्रैवल का चलन भी बढ़ रहा है, ऐसे में महिला पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाओं पर ध्यान देना जरूरी है।
कार्यक्रम में पर्यटन के बदलते स्वरूप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण पर मंथन किया गया। विशेषज्ञों ने डिजिटल तकनीक और एआई के इस्तेमाल से प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर पैदा करने, नवाचार को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
विद्यार्थियों ने किया आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण
विश्व पर्यटन दिवस पर फिरोजाबाद के पर्यटन ग्राम अकबरपुर में विद्यार्थियों के आध्यात्मिक भ्रमण और संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। आर्य गुरुकुल महाविद्यालय, सिरसागंज के 115 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के दल ने इसमें हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली, मुख्य मंदिर और ऐतिहासिक डाक बंगले का भ्रमण किया।
ः



