
नई दिल्लीः मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की ओर से उनके दावों का जवाब दिए जाने के बावजूद विपक्ष देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। नड्डा ने कहा कि विपक्ष अब “भ्रम और अराजकता” फैलाने के नए तरीके तलाश रहा है।
‘हर झूठ का पर्दाफाश हो चुका’, नड्डा का विपक्ष पर आरोप
नड्डा ने यहां पत्रकारों से कहा कि देश की प्रगति से हताश और निराश विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ”भ्रम और अराजकता” फैलाने के नए तरीके तलाश रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”हम सभी ने देखा कि कुछ ही दिन पहले एक मनगढ़ंत कहानी को लेकर पूरे देश में किस तरह हंगामा किया गया। अब जब निर्वाचन आयोग के सदस्यों ने हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है तो वे एक बार फिर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।” नड्डा ने आरोप लगाया कि देश की स्वायत्त एवं संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और कमजोर करना कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एकमात्र एजेंडा बन गया है।
राहुल गांधी को नड्डा की सीधी नसीहत
भाजपा नेता ने कहा, ”उन्हें न राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता है, न जनकल्याण की और न ही देश के सम्मान एवं गरिमा की। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है और वह भी जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने और निजी लाभ उठाने के लिए।” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी जी, ध्यान से सुनिए: किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाता।”
नड्डा ने कहा कि देश की जनता विपक्ष के दोहरे मापदंड और उसकी नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा, ”देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को जनता ने पहले भी करारा सबक सिखाया है और वह भविष्य में भी ऐसा ही करेगी।”
क्या है SIR?
Special Intensive Revision मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया है। निर्वाचन आयोग की आधिकारिक मतदाता सेवा वेबसाइट पर SIR2026 के तहत मतदाता सूची खोजने, दस्तावेज जमा करने, नए मतदाता पंजीकरण और अन्य सेवाओं की सुविधा दी गई है।
ः



