
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर उज्जैन में सोमवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की आशंका के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई और कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजनासिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर और चौड़ा किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले कई धार्मिक स्थलों को हटाया जा चुका है। शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को लेकर विरोध की स्थिति बनी हुई है।
शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को फिलहाल ग्रीन नेट से ढक दिया गया है। कार्रवाई की आशंका के बीच प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
रात से ही जुटने लगे थे लोगप्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने के बाद शनिवार रात से मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्र में जुटने लगे थे। रविवार रात तक विरोध और नारेबाजी का सिलसिला जारी रहा। तनाव को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई और आवाजाही को नियंत्रित किया गया। क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।
सोमवार सुबह टंकी चौराहे के पास 100 से ज्यादा लोगों के जुटने की सूचना है। कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर की ओर जाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ युवकों की ओर से पथराव किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
विरोध में महिलाओं ने किया चक्का जामशाही मस्जिद के हिस्से को हटाए जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और महिला पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
महिला पुलिस अधिकारी के हाथ में लगी चोटलॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान क्राइम ब्रांच में पदस्थ टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के मुताबिक, विरोध कर रही कुछ महिलाएं आगे बढ़ रही थीं। उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने के दौरान पुलिसकर्मी महिलाओं के बीच पहुंचे। इसी दौरान चादर के कोने से टीआई के हाथ में कट लग गया। चोट के बाद पुष्पा पांचाल के हाथ में पट्टी बांधी गई और उन्हें फर्स्ट एड दिया गया। पुलिस के अनुसार, किसी महिला को चोट नहीं आई और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं।
टीआई पुष्पा पांचाल ने कहा कि महिलाओं को हटाने के दौरान चादर की आड़ में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचने पर चादर के कोने से उनके हाथ में कट लग गया। उन्होंने इसे लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी का हिस्सा बताया।
हाईकोर्ट में आज सुनवाईशाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को बचाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामले में सोमवार को सुनवाई होनी है। इसी सुनवाई पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति भी निर्भर करेगी।
फिलहाल कंठाल चौराहे और शाही मस्जिद के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए है।
शाही मस्जिद के पास उपद्रवियों का पथराव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
रात में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद के बाहर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया।



