TrendingUttar Pradesh

​Hardoi News: ‘बिना बताए क्यों करा रहे बारिश?’ युवक ने इन्द्रदेव के खिलाफ IGRS पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला 

​Hardoi News: ‘बिना बताए क्यों करा रहे बारिश?’ युवक ने इन्द्रदेव के खिलाफ IGRS पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला 

हरदोई। उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जहां आम जनता बेहाल है, वहीं हरदोई जिले से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बारिश से परेशान एक युवक ने किसी इंसान या विभाग के खिलाफ नहीं, बल्कि सीधे भगवान ‘इन्द्रदेव’ के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। युवक ने जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर जिला प्रशासन से बारिश रुकवाने की गुहार लगाई है। यह अनोखी शिकायत मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव के रहने वाले समाजसेवी सूरज तिवारी ने 26 सितंबर को दर्ज कराई है।

शिकायत में लिखा ‘बिना बताए क्यों करा रहे बारिश?’

सूरज तिवारी ने अपनी अर्जी में बड़े ही अनोखे अंदाज में नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने लिखा, “हरदोई में पिछले कई घंटों से इंद्रदेव बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश करा रहे हैं। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश की वजह से सड़कें और गलियां लबालब भर चुकी हैं। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है और किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।”

DM साहब! अपने दिव्य संपर्क से इंद्रदेव को नोटिस भेजें

अर्जी में आगे लिखा गया है कि इंद्रदेव की इस बेमौसम बारिश से पूरी जनता परेशान है और रोजमर्रा के कामकाज ठप पड़ गए हैं। शिकायतकर्ता ने डीएम से गुहार लगाते हुए लिखा, “श्रीमान से अनुरोध है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित इंद्रदेव को जरूरी दिशानिर्देश जारी करें, ताकि बारिश पर तुरंत रोक लग सके। चूंकि मेरे पास इंद्रदेव का कोई मोबाइल नंबर नहीं है, इसलिए आपसे निवेदन है कि अपने दिव्य संपर्क माध्यमों का इस्तेमाल करके उन तक यह निर्देश या नोटिस पहुंचाने की कृपा करें।”

जिले में बारिश का कहर, 12 लोगों की मौत

आपको बता दें कि हरदोई में 24 सितंबर से लेकर 27 सितंबर तक लगातार 3 दिन मूसलाधार बारिश हुई है। महज 4 दिनों के भीतर ही 250 एमएम से ज्यादा पानी बरस चुका है। इस आफत की बारिश के चलते जिले भर में 20 से ज्यादा कच्चे मकान और दीवारें गिर गईं, जबकि पेड़ और दीवारें ढहने की अलगअलग घटनाओं में अब तक 12 लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल, इंद्रदेव के खिलाफ दर्ज कराई गई यह अनोखी शिकायत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

ये भी पढ़ें :

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply