
जमुनहा , अमृत विचार। जिले में संभावित बाढ़ के मद्देनजर राहत और बचाव कार्य लगातार चलाया जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम में जलभराव के बीच लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। इसके बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर एसडीआरएफ की दो टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं और जलभराव में फंसे 14 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तहसील इकौना के मझौवा सुमाल में किसान हनुमान मौर्य खेत की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान वह जलभराव के बीच फंस गए। वहीं, मध्यनगर में दो परिवारों के 13 लोग भी पानी के बीच फंस गए थे।
सूचना मिलते ही एक्टिव हुआ कंट्रोल रूम
कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद डीएम ने आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा को तत्काल एसडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल की ओर भेजने के निर्देश दिए। टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के जवानों ने ग्रामीणों के साथ उनके पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाला और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीएम इकौना रावेन्द्र कुमार और तहसीलदार भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में सभी लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।
सुरक्षित निकाले गए नागरिकों ने समय पर राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के जवानों का आभार जताया।
ः



