CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

‘करीब 280 किमी एक्टिवा चलाकर सतना पहुंचा युवक, दो बच्चों की मां पर किया हमला’

‘करीब 280 किमी एक्टिवा चलाकर सतना पहुंचा युवक, दो बच्चों की मां पर किया हमला’

मध्यप्रदेश के सतना में कलेक्ट्रेट के सामने स्कूटी सवार महिला पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सागर का रहने वाला है और एक्टिवा से सागर से सतना आया था। महिला पर हमला करने के बाद आरोपी एक्टिवा से सागर भाग रहा था जिसे पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी महिला पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और जब महिला ने शादी करने से इंकार किया तो आरोपी आपा खो बैठा और महिला पर हमला कर घायल कर दिया।

कलेक्ट्रेट के सामने महिला पर हमला

सतना में गुरुवार सुबह 32 साल की महिला पर कलेक्ट्रेट के सामने एक युवक ने हमला कर दिया। महिला स्कूटी से जा रही थी तभी आरोपी पीछे से स्कूटी पर आया और महिला पर हमला कर फरार हो गया। घायल हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल हालत में महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी सूरज जाटव जो कि सागर का रहने वाला है उसने हमला किया था।

शादी के लिए दबाव बना रहा था आरोपी

घायल महिला के मुताबिक वो एक होटल में काम करती है। सुबह करीब 10 बजे होटल जाने के लिए स्कूटी से निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी साल 2016 में सागर में हुई थी, 2020 में पति का बीमारी से निधन हो गया। इसके बाद वो अपने दोनों बच्चों को लेकर सतना मायके में आकर रहने लगी। साल 2024 में सागर में एक शादी में उसकी पहचान सूरज जाटव से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होने लगी और सूरज उस पर करीब दो साल से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सूरज उसे पहले भी शादी न करने पर धमकी दे चुका था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ घंटों के अंदर ही आरोपी सूरज जाटव को गिरफ्तार कर लिया। शुरूआती पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया है कि वो सागर से एक्टिवा से सतना आया था, घटना के बाद वो सागर भाग रहा था, पुलिस ने आरोपी की एक्टिवा भी जब्त कर ली है

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply