Mathura News: मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दीपक के शरीर पर सिर, होंठ, ठोड़ी, पैर, पसलियों, फेफड़े और प्राइवेट पार्ट समेत कई जगह गंभीर चोटें पाई गईं. पोस्टमार्टम में मौत की वजह हेमोरेजिक शॉक यानी अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुआ शॉक बताई गई है.

सिर में गंभीर चोट और खोपड़ी में फ्रैक्चर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट मिली. चोट वाली जगह पर खून जमा था और खोपड़ी में हेयरलाइन फ्रैक्चर यानी बारीक दरार भी पाई गई. सिर पर मौजूद घाव में 14 टांके लगे होने का उल्लेख रिपोर्ट में है. इसके अलावा निचले होंठ के बाएं हिस्से और ठोड़ी पर भी कटे हुए घाव मिले, जिन पर टांके लगाए गए थे. रिपोर्ट में इन चोटों को मौत से पहले लगी चोटों के तौर पर दर्ज किया गया है.
शरीर के 2 हिस्सों में मिलने का जिक्र
रिपोर्ट में शरीर के दो हिस्सों में मिलने का उल्लेख किया गया है. प्राइवेट से जुड़ी गंभीर चोट भी पोस्टमार्टम में दर्ज की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, पेनिस शरीर से अलग मिला था और उसके मूल हिस्से पर भी टांके लगा हुआ घाव पाया गया. यह चोट इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बिंदुओं में से एक है, क्योंकि पुलिस पहले से ही कमरे से मिले ग्राइंडर और प्राइवेट से संबंधित चोट की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
पैर और पसलियों में भी फ्रैक्चर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पैर में करीब 5×1 सेंटीमीटर का घाव मिला. इसके नीचे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया. छाती की जांच में बाईं तरफ की 5वीं से 8वीं पसली तक फ्रैक्चर मिला. इसके साथ ही बायां फेफड़ा भी फटा हुआ था. फेफड़े के आसपास की कैविटी में खून और खून के थक्के पाए गए. इससे शरीर के अंदर भी गंभीर रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है.
अत्यधिक रक्तस्राव बना मौत की वजह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हेमरेजिक शॉक दर्ज की गई है. इसका अर्थ है कि गंभीर चोटों के कारण शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और इसके चलते शॉक की स्थिति बनी, जो जानलेवा साबित हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, मौत पोस्टमार्टम से करीब एक दिन पहले हुई होने का अनुमान लगाया गया है.
कमरे से मिला था ग्राइंडर
इस मामले में पुलिस की जांच भी जारी है. पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में दीपक रहते थे, वहां से एक ग्राइंडर मशीन बरामद हुई है. फॉरेंसिक टीम ने इसे जांच के लिए कब्जे में लिया है. पुलिस ने CCTV फुटेज की भी जांच की है. 27 सितंबर को सामने आई पुलिस जानकारी के मुताबिक, CCTV में 25 सितंबर की सुबह करीब 10:36 बजे दीपक के चौथी मंजिल से गिरने की घटना दिखाई देने की बात कही गई थी. पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की संभावना जताई थी, लेकिन प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट और कमरे से मिले ग्राइंडर समेत अन्य तथ्यों की जांच जारी है.
ये भी पढे़ं
परिजन उठा रहे हैं सवाल
रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के परिवार की ओर से भी उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए गए हैं. परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल, CCTV, मोबाइल और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.


