
सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता चल रहे 35 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह सड़क किनारे पानी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुशील यादव के रूप में की। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन पहले घर से निकले थे सुशील
जानकारी के अनुसार, सुशील पुत्र पूरन यादव तीन दिन पहले किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिवार की ओर से इमलिया सुल्तानपुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर देकर युवक को तलाशने की गुहार लगाई गई थी।
सड़क किनारे पानी में मिला शव
मंगलवार सुबह सीतापुरगोला रोड से नकरहिया जाने वाले मार्ग के किनारे पानी में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुशील के रूप में की। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ः



