TrendingUttar Pradesh

​फेसबुक पोस्ट को लेकर बलिया में FIR, मंत्री दयाशंकर सिंह और परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

​फेसबुक पोस्ट को लेकर बलिया में FIR, मंत्री दयाशंकर सिंह और परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, परिवहन मंत्री और बलिया सदर विधायक दयाशंकर सिंह, उनके परिवार के साथसाथ नगर पालिका के सभासदों और नागरिकों के खिलाफ फेसबुक पर कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।

बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में ‘पोल खोल’ नामक फेसबुक खाते के अज्ञात संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता अंकित गुप्ता की तहरीर पर सोमवार देर रात सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

लगातार आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप

कोतवाली प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ‘पोल खोल’ नामक फेसबुक खाते से दयाशंकर सिंह, उनके परिवार, नगर पालिका के सभासदों और नागरिकों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट लगातार की जा रही हैं।

तहरीर में दावा किया गया है कि इन पोस्ट के कारण बलिया के शांतिपूर्ण माहौल पर असर पड़ रहा है और व्यक्तिगत दुश्मनी तथा रंजिश का वातावरण बन रहा है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एफआईआर में नामजद व्यक्ति के बजाय फेसबुक खाते के अज्ञात संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले में पुलिस सोशल मीडिया खाते और कथित पोस्ट से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

ः

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply