
बाराबंकी, अमृत विचार : नगर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊअयोध्या हाईवे पर बादी नगर कट के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक अन्य की जान बालबाल बच गई। टक्कर के बाद कार आगे खड़ी वैगनआर से जा भिड़ी, जिससे वैगनआर काफी दूर तक घिसटती चली गई।
मृतकों की पहचान सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के न्यामूपुर निवासी हिमांशु वर्मा पुत्र शिव बरन लाल वर्मा और गोंडा के कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के बौनापुर निवासी अनिल कुमार शुक्ल पुत्र केशवराम शुक्ल के रूप में हुई। हिमांशु टिकैतनगर के ह्वाइट फेदर स्कूल में अकाउंटेंट थे और लखनऊ में सीए आशुतोष गुप्ता के साथ भी काम करते थे। वह अपने बड़े भाई रामकृष्ण वर्मा के साथ कुबेर इंक्लेव, मिश्रीपुरकुर्सी रोड पर रहते थे।
जानकारी के अनुसार हिमांशु मंगलवार सुबह स्कूल के प्रधानाचार्य विनय कुमार तिवारी निवासी इमलिहा थाना दरियाबाद के साथ कार से टिकैतनगर जा रहे थे। तभी बड़ेल के पास बादी नगर कट पर यूरिया लोड कराने के लिए दोनों रुके थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन ने हिमांशु और यूरिया लोड करा रहे अनिल को चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान वैगनआर में बैठे प्रधानाचार्य विनय कुमार तिवारी को मामूली चोट आई और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मौत की खबर गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बिसवां विधायक निर्मल वर्मा ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।



