लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद देश की राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में इजाफा देखने को मिला. वैसे सोने के दाम अभी दिल्ली में 1.50 लाख रुपए से नीचे बने हुए हैं. उसके बाद भी गोल्ड की कीमत दो महीने के लोअर लेवल से उबर गई हैं. वहीं दूसरी ओर चांदी के दाम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है. ये लगातार तीसरा दिन है, जब चांदी के दाम स्थिर हैं. जानकारों की मानें तो कीमतों में कमी आने से सोने को वैल्यू बाइंग का फायदा हुआ है. जिसकी वजह से कीमतों में तेजी देखने को मिली है. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी के दाम में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी के दाम कितने हो गए हैं…

दिल्ली में सोने के दाम में आई तेजी
बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में दो महीने के निचले स्तर से सुधार हुआ और यह 700 रुपए बढ़कर 1.49 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ग्लोबल मार्केट में मज़बूत ट्रेंड के बीच निवेशकों ने कम कीमत पर खरीदारी की. लोकल ट्रेडर्स के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत में पिछले दो सेशन से जारी गिरावट थम गई और यह 700 रुपए बढ़कर 1,49,300 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि मंगलवार को यह 1,48,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि, चांदी की कीमत लगातार दूसरे सेशन में ₹2.32 लाख प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही.
विदेशी बाजारों में मामूली बढ़त
ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म ‘लेमन’ के रिसर्च हेड गौरव गर्ग के अनुसार, हालिया गिरावट के बाद ट्रेडर्स द्वारा वैल्यू बाइंग करने से बुधवार को सोने की कीमतों में सुधार हुआ. गर्ग ने कहा कि हालांकि, अमेरिकी डॉलर में उतारचढ़ाव ने कीमतों में ज़्यादा बढ़ोतरी को रोक दिया. ग्लोबल मार्केट में, स्पॉट गोल्ड मामूली बढ़त के साथ 4,190 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जबकि चांदी 1.28% गिरकर 60.68 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.
क्या कहते हैं जानकार?
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड की कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर ने कहा कि सोना 4,195 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ था और सितंबर में 5% से ज़्यादा की गिरावट के साथ बंद होने की राह पर था, जो सपोर्ट करने वाले कारकों और लगातार बनी हुई चुनौतियों के बीच खींचतान को दर्शाता है. सऊदी अरब द्वारा एक मुख्य पाइपलाइन के ज़रिए सप्लाई बढ़ाने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, जिससे महंगाई से जुड़ी कुछ चिंताएं कम हुई हैं. नार्वेकर ने आगे कहा कि चीन में गुरुवार से ‘गोल्डन वीक’ शुरू हो रहा है, जिससे आमतौर पर ज्वेलरी की मांग बढ़ती है और इससे कुछ सपोर्ट मिल सकता है.



