डायबिटीज लाइफस्टाइल से जुड़ी एक ऐसी बीमारी है, जिससे इंसान को कई और हेल्थ प्रॉब्लम भी होना शुरू हो जाती हैं. हाई ब्लड शुगर वालों में अक्सर देखा जाता है कि उनके घाव जल्दी नहीं भरते हैं. इसी कारण से अगर किसी डायबिटिक की सर्जरी होने वाली होती है तो पहले डॉक्टर्स ब्लड शुगर कंट्रोल करने की दवाएं देते हैं. दरअसल लगातार जब ब्लड शुगर बढ़ता रहे तो ब्लड वेसल्स को सिकोड़ देता है और ये कठोर हो जाती है.

इस वजह से घाव वाली जगह पर पर्याप्त मात्रा में ब्लड, न्यूट्रिएंट्स और ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाते हैं. इस वजह से त्वचा खुद को जल्दी हील नहीं कर पाती है. हाई ब्लड शुगर की वजह से श्वेत रक्त कोशिकाओं की बैक्टीरिया और संक्रमण से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है.
अगर आप या आपके यहां पर कोई ऐसा है जिसको डायबिटीज है और ब्लड शुगर बारबार बढ़ जाती है तो घाव होने या छोटी सी चोट लगने पर भी कुछ बातों को ध्यान में रखना चाहिए, नहीं तो ये संक्रमण बन सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है.
एक्सपर्ट ने क्या कहा
डॉक्टर राहुल पराशर का कहना है कि डायबिटीज में छोटी सी चोट को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि नसों में सेंटिविटी कम होने और ब्लड फ्लो प्रभावित होने पर घाव देर से भर सकता है. इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए घाव को साफ रखकर साफ पट्टी से ढकना चाहिए और पैरों को रोजाना ध्यान से जांचना चाहिए. नंगे पैर चलने से बचें, यहां तक कि घर में भी, ताकि छोटी चोट से बचा जा सके. अगर छाला, फफोला या कोई घाव हो, तो उसे खुद से फोड़ने या छेड़ने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.
घावों को ढककर और साफ रखें
अगर किसी वजह से चोट लग गई है तो सबसे पहले घाव की साफसफाई करें ताकि बैक्टीरिया न पनपें. इसी के साथ अगर घाव थोड़ा बड़ा है तो इस बात का भी ध्यान रखें कि तुरंत इसपर पट्टी बंधवाएं. घाव को खुला रखने पर इन्फेक्शन का खतरा ज्यादा रहता है. घाव को पानी के संपर्क से भी बचाना चाहिए.
नंगे पैर घूमने से बचना चाहिए
डायबिटिक लोगों को हरी घास पर चलने की सलाह दी जाती है, लेकिन इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि इस दौरान चोट न लगे. डायबिटिक लोगों को कोशिश करनी चाहिए कि वो हमेशा स्लीपर पहनकर ही बाहर निकलें. कच्ची जगहों पर खासतौर पर नंगे पैर घूमने से बचना चाहिए.
छालेफफोले या दाने फोड़ने से बचें
अगर आप डायबिटिक हैं और ब्लड शुगर बढ़ा हुआ रहता है तो आपको दाने, फोड़ेफुंसियों, फफोले जैसी स्किन से जुड़ी समस्याओं में भी एक्स्ट्रा देखभाल करनी चाहिए. गलती से भी किसी भी तरह के दाने को फोड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, नहीं तो इससे घाव बन सकता है.
ये चीजें लगाने से बचें
चोट लग गई है या फिर फोड़ेफुंसी…किसी तरह का घाव हो गया है तो डॉक्टर की सलाह से इसपर एंटीबायोटिक क्रीम अप्लाई करें. इसके अलावा इस बात का भी ध्यान रखें कि घाव पर हाइड्रोजन पेरोक्साइड गलती से भी न लगाएं. अपने घाव को नियमित रूप से निगरानी में रखें और ये जरूर चेक करें कि कहीं इसमें पस तो नहीं पड़ रहा है.
ब्लड शुगर को रखें कंट्रोल
डायबिटिक लोगों को हमेशा ही अपने ब्लड शुगर लेवल को चेक करते रहना चाहिए, लेकिन अगर किसी तरह का घाव हो गया है तो ये और भी जरूरी है कि ब्लड शुगर कंट्रोल में रहे. सही डाइट लें, दवाएं समय पर खाएं ताकि घाव को जल्दी भरने में मदद मिल सके.



