त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले मारुति सुजुकी के सामने कारों की बढ़ती डिमांड को पूरा करने की चुनौती है. कंपनी के पास 1 अक्टूबर तक 2 लाख से ज्यादा कारों की बुकिंग पेंडिंग थी. ग्राहकों की इस डिमांड को पूरा करने के लिए कंपनी ने प्रोडक्शन बढ़ाना शुरू कर दिया है.

मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने मंथली सेल्स मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि 1 अक्टूबर तक कंपनी के पास 2 लाख से ज्यादा पेंडिंग बुकिंग थीं. यानी ग्राहकों ने कारें बुक तो कर दी हैं, लेकिन अभी उन्हें डिलीवरी का इंतजार है.
सिर्फ 17 दिन का स्टॉक बचा
कंपनी के डीलर नेटवर्क के पास 1अक्टूबर तक करीब 17 दिनों का स्टॉक था. ऐसे में आने वाले फेस्टिव सीजन में बढ़ती मांग के बीच सप्लाई बनाए रखना मारुति के लिए अहम रहेगा. पार्थो बनर्जी के मुताबिक, कंपनी के लिए सिर्फ ज्यादा कारें बनानी ही जरूरी नहीं है. कारों की क्वालिटी और उनकी उपलब्धता दोनों पर बराबर ध्यान देना होगा.
इसी को देखते हुए मारुति सुजुकी हरियाणा के खरखौदा में शुरू हुए नए प्लांट से भी प्रोडक्शन बढ़ा रही है. इस प्लांट की नई प्रोडक्शन लाइन पर फिलहाल ब्रेजा को बनाया जा रहा है. कंपनी का कहना है कि नए प्लांट और बढ़ते आउटपुट से आने वाले समय में सप्लाई चेन काफी बेहतर होने वाली है.
सितंबर में घरेलू सेल 30% बढ़ी
आपको बता दें, सितंबर 2026 में की घरेलू सेल में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. कंपनी ने दूसरे वाहन निर्मीता कंपनियों की गई सेल समेत कुल 1,91,794 यूनिट बेचीं. यह सितंबर 2025 के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत ज्यादा है.
एक्सपोर्ट में भी कंपनी आगे
मारुति सुजुकी का एक्सपोर्ट कारोबार भी काफी मजबूत रहा. सितंबर में कंपनी ने 44,219 गाड़ियां विदेशों में भेजीं, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 5 प्रतिशत ज्यादा है. अप्रैल से सितंबर की पहली छमाही में कंपनी का एक्सपोर्ट 2.32 लाख यूनिट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसमें सालाना आधार पर 12.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
कंपनी के मुताबिक अप्रैल से अगस्त के दौरान भारत से होने वाले कुल कार एक्सपोर्ट में Maruti की हिस्सेदारी 52 प्रतिशत रही. कंपनी का दावा है कि इस अवधि में उसने देश के बाकी 17 कार निर्माताओं की कुल एक्सपोर्ट संख्या से ज्यादा कारें विदेश भेजीं.
ब्रेजा बनी सबसे बड़ी डिमांड वाली कारों में से एक
Maruti की पेंडिंग बुकिंग में 2026 की बड़ी हिस्सेदारी है. इस SUV की बुकिंग 95,000 यूनिट का आंकड़ा पार कर चुकी है और जल्द ही 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है. कंपनी के मुताबिक सितंबर में Brezza की 15,000 से ज्यादा यूनिट बिकीं. बढ़ती मांग को देखते हुए खरखौदा प्लांट में इसका प्रोडक्शन लगातार बढ़ाया जा रहा है.
Brezza की बुकिंग में पावरट्रेन को लेकर भी ग्राहकों की पसंद अलगअलग रही. कुल बुकिंग में करीब 38 प्रतिशत हिस्सा टर्बो वेरिएंट का, 40 प्रतिशत अंडरबॉडी CNG वर्जन का और 22 प्रतिशत 1.5लीटर पेट्रोल वेरिएंट का रहा. वहीं, अपडेटेड Baleno ने भी लॉन्च के पहले महीने में 25,000 यूनिट की बिक्री दर्ज की.
छोटे कारों से लेकर SUV तक बढ़ी मांग
मारुति सुजुकी के मुताबिक पहली छमाही में एंट्रीलेवल हैचबैक की बिक्री में 86 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. मिडसाइज हैचबैक सेगमेंट भी 40 प्रतिशत बढ़ा. SUV सेगमेंट की बिक्री में 56 प्रतिशत का इजाफा हुआ. यानी कंपनी की कारों की मांग सिर्फ एक सेगमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटी कारों से लेकर SUV तक ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है.
फेस्टिव सीजन में मांग को लेकर कंपनी को उम्मीद
अब कंपनी के लिए सबसे बड़ा फोकस बढ़ती बुकिंग को समय पर डिलीवरी में बदलना है. इसके लिए नए प्लांट में प्रोडक्शन बढ़ाने और सप्लाई को बेहतर करने पर काम किया जा रहा है.



