
सुबह उठते ही खाली पेट क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इसे लेकर अक्सर लोगों के मन में कई तरह के सवाल होते हैं। सेहत के प्रति जागरूक रहने वाले बहुत से लोग अपने दिन की शुरुआत ताजे फलों से करते हैं, जिनमें पपीता (Papaya) सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पपीता पाचन तंत्र के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद पापेन (Papain) एंजाइम, फाइबर और विटामिन C शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। आयुर्वेद और आधुनिक मेडिकल साइंस दोनों ही मानते हैं कि पपीता पाचन क्रिया को दुरुस्त करने, वजन घटाने और कब्ज से राहत दिलाने में मददगार साबित होता है।
भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने बताया पपीता पेट की औषधि है। पपीते में मौजूद पपेन एंजाइम पाचन से जुड़ी परेशानियों जैसे कब्ज का इलाज करता है। पपीते का सेवन मल को सॉफ्ट करता है और आंतों की गतिशीलता को बढ़ाता है। पाचन के लिए रोजाना पपीता का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। आइए एक्सपर्ट से और रिसर्च से समझते हैं कि पपीता का सेवन कैसे सेहत को फायदा पहुंचाता है।
पपीते में पाया जाता है पपेन एंजाइम
पपीते में पपेन (Papain) नामक एंजाइम पाया जाता है, जो प्रोटीन के पाचन में अहम भूमिका निभाता है। यह एंजाइम प्रोटीन को छोटे हिस्सों में तोड़ने की प्रक्रिया में मदद कर सकता है। पपीता खाने से भोजन को पचाना आसान होता है और पाचन क्रिया बेहतर होती है। Neuroendocrinology Letters (2013) में प्रकाशित एक क्लीनिकल स्टडी के अनुसार, पपीते से तैयार एक्सट्रैक्ट (Caricol) का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याओं जैसे कि अपच , कब्ज और ब्लोटिंग में सुधार होता है। पपीते में मौजूद पपेन एंजाइम जटिल प्रोटीन को आसानी से तोड़ता है, जिससे भोजन तेजी से पचता है और आंतों की हेल्थ में भी सुधार होता है।
फाइबर से मिल सकती है पेट भरे रहने की संतुष्टि
पपीते में मौजूद फाइबर भोजन के बाद पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। रात को सोने के बाद सुबह इसका सेवन भूख को शांत करता है। फाइबर रिच ये फल पाचन और आंतों को हेल्दी रखने में मदद करता है और वजन घटाना आसान होता है। The American Journal of Clinical Nutrition और Nutrients पत्रिका में प्रकाशित अध्ययनों के अनुसार, डायटरी फाइबर से भरपूर फल भूख को शांत करने वाले हार्मोन (Satiety Signals) को बढ़ावा देते हैं। सुबह पपीता खाने से इसमें मौजूद घुलनशील और अघुलनशील फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
विटामिन और मिनरल्स से भरपूर है पपीता
पपीते में विटामिन C, विटामिन A, पोटैशियम और फोलेट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। विटामिन C और बीटा-कैरोटीन जैसे यौगिक शरीर की एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा में भूमिका निभाते हैं। वहीं, पोटैशियम शरीर में सामान्य मांसपेशियों और तंत्रिका कार्यों के लिए जरूरी खनिज है। Food Chemistry और USDA Food Data Central की रिपोर्ट के अनुसार, 100 ग्राम पपीते से शरीर को दैनिक आवश्यकता का लगभग 75-100% विटामिन C मिल जाता है। विटामिन C सफेद रक्त कोशिकाओं (WBCs) के उत्पादन को बढ़ाता है, जिससे इम्यूनिटी मजबूत होती है। इसके अलावा, इसमें मौजूद पोटैशियम इलेक्ट्रोलाइट संतुलन और मांसपेशियों के बेहतर संचालन में मदद करता है।
एंटीऑक्सीडेंट्स भी देते हैं फायदा
पपीते में कई एंटीऑक्सीडेंट यौगिक पाए जाते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव में भूमिका निभाते हैं। डाइट और लाइफस्टाइल में सुधार के साथ अगर रोजाना पपीता खाया जाए तो बॉडी को भरपूर फायदा मिलता है। Biological & Pharmaceutical Bulletin (2011) और Free Radical Biology and Medicine में प्रकाशित अध्ययनों के अनुसार, पपीते में मौजूद लाइकोपीन (Lycopene) और बीटा-कैरोटीन शरीर से फ्री-रेडिकल्स को बेअसर करते हैं। यह प्रक्रिया कोशिकाओं की क्षति (Cellular Damage) को रोकती है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करके उम्र बढ़ने के लक्षणों और पुरानी बीमारियों के जोखिम को कम करती है।
दिल के लिए भी पपीता है असरदार
Journal of Medicinal Food और Nutrients में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक पपीते में प्रचुर मात्रा में विटामिन C, लाइकोपीन (Lycopene) और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये एंटीऑक्सीडेंट खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) के ऑक्सीकरण को रोकते हैं। जब कोलेस्ट्रॉल का ऑक्सीकरण रुकता है, तो धमनियों में रुकावट का खतरा कम होता है, जिससे दिल के दौरे और स्ट्रोक का जोखिम घटता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख उपलब्ध शोध और विशेषज्ञों की राय के आधार पर तैयार किया गया है। पपीता संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकता है, लेकिन इसे कब्ज, मोटापा, हृदय रोग या किसी अन्य बीमारी का इलाज न समझें। किसी बीमारी, एलर्जी या विशेष स्वास्थ्य स्थिति में डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन की सलाह लें।



