
अगर आप WhatsApp पर अपना मोबाइल नंबर बदलने की तैयारी कर रहे हैं तो सिर्फ नया SIM कार्ड लगाना पर्याप्त नहीं है। WhatsApp में पुराने अकाउंट को नए नंबर से जोड़ने के लिए Change Number फीचर का इस्तेमाल करना जरूरी होता है। नंबर बदलने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान नहीं रखा गया तो चैट, मीडिया फाइल्स और दूसरे महत्वपूर्ण डेटा को लेकर परेशानी हो सकती है।
1. पहले पुराने और नए नंबर की स्थिति जांच लें
नंबर बदलने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपका पुराना मोबाइल नंबर अभी WhatsApp अकाउंट में रजिस्टर्ड है। इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर अपनी प्रोफाइल में रजिस्टर्ड नंबर देख सकते हैं।
इसके साथ ही नया नंबर भी एक्टिव होना चाहिए। उस नंबर पर SMS या कॉल आना जरूरी है, क्योंकि नंबर बदलने की प्रक्रिया के दौरान नए नंबर का वेरिफिकेशन करना होता है।
2. WhatsApp Web से नहीं बदल पाएंगे नंबर
WhatsApp का नंबर बदलने वाला फीचर फोन वाले WhatsApp ऐप में इस्तेमाल करना होता है। WhatsApp Web या Desktop से मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकती।
इसलिए नंबर बदलने के लिए उसी फोन का इस्तेमाल करें, जिस पर आपका WhatsApp अकाउंट चल रहा है।
3. नंबर बदलने से पहले चैट का बैकअप जरूर लें
अगर WhatsApp पर आपकी पुरानी चैट, फोटो, डॉक्यूमेंट या दूसरी जरूरी फाइलें मौजूद हैं तो नंबर बदलने से पहले बैकअप जरूर बना लें।
खासकर अगर आप मोबाइल नंबर के साथ फोन भी बदल रहे हैं, तो बैकअप लेना और भी जरूरी हो जाता है। इससे नए फोन पर WhatsApp सेटअप करते समय उपलब्ध बैकअप से अपनी जरूरी चैट और मीडिया को वापस पाने में मदद मिल सकती है।
4. नंबर के साथ फोन भी बदल रहे हैं तो यह क्रम रखें
अगर सिर्फ नंबर बदल रहा है और फोन वही है, तो प्रक्रिया आसान है। लेकिन अगर नंबर और फोन दोनों बदलने वाले हैं तो पहले पुराने फोन में WhatsApp का नंबर बदलना बेहतर है।
इसके बाद नए नंबर से बैकअप तैयार करें। फिर नए फोन में WhatsApp इंस्टॉल करके नया नंबर रजिस्टर करें और उपलब्ध बैकअप को रिस्टोर करें।
5. WhatsApp ग्रुप में नए नंबर की जानकारी जा सकती है
नंबर बदलते समय WhatsApp में यह विकल्प मिलता है कि आप अपने कॉन्टैक्ट्स को नए नंबर की जानकारी देना चाहते हैं या नहीं। लेकिन ग्रुप चैट्स के मामले में अलग स्थिति होती है।
WhatsApp के अनुसार, आपके नंबर बदलने की जानकारी उन ग्रुप्स में पहुंच सकती है जिनमें आप पहले से शामिल हैं, भले ही आपने व्यक्तिगत कॉन्टैक्ट्स को नोटिफिकेशन भेजने का विकल्प बंद किया हो।
WhatsApp में नंबर कैसे बदलें?
नंबर बदलने के लिए पहले नए नंबर वाला SIM फोन में लगाएं और सुनिश्चित करें कि उस पर SMS या कॉल आ रहा है। इसके बाद:
WhatsApp > Settings > Account > Change Number > Next
अब पहले बॉक्स में अपना पुराना मोबाइल नंबर और दूसरे बॉक्स में नया नंबर दर्ज करें। दोनों नंबरों को सही इंटरनेशनल फॉर्मेट में भरें। इसके बाद Next पर टैप करें और नए नंबर का वेरिफिकेशन पूरा करें।
ध्यान रखें
नंबर बदलने से पहले सबसे जरूरी काम चैट बैकअप लेना और नए नंबर को एक्टिव रखना है। अगर आपके WhatsApp में सालों पुराना जरूरी डेटा है तो बिना बैकअप लिए नंबर या फोन बदलने की जल्दबाजी न करें।



