IndiaUttar Pradesh

​ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दर्दनाक हादसा: हाईराइज सोसाइटी की 12वीं मंजिल से गिरकर शख्स की मौत

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस डिवाइनो सोसाइटी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक की 12वीं मंजिल से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी. मृतक की पहचान 35 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, अनिल पिछले कई दिनों से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे.

​ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दर्दनाक हादसा: हाईराइज सोसाइटी की 12वीं मंजिल से गिरकर शख्स की मौत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर121 में रहते थे. अनिल को पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव में देखकर उनके रिश्तेदार उन्हें संभालने के लिए अपने पास ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एस डिवाइनो सोसाइटी लेकर आए थे. परिजनों को उम्मीद थी कि माहौल बदलने से उनकी मानसिक स्थिति में सुधार होगा.

टहलने निकले थे रिश्तेदार, तभी घटी हृदयविदारक घटना

शुक्रवार सुबह जब अनिल के रिश्तेदार सोसाइटी के नीचे टहलने के लिए निकले थे, उसी दौरान अनिल संदिग्ध परिस्थितियों में सोसाइटी की 12वीं मंजिल से नीचे गिर गए. तेज आवाज सुनकर मौके पर दौड़े सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी. लहूलुहान अवस्था में अनिल को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कर्ज या पारिवारिक बोझ? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि अनिल किस बात को लेकर इतने गहरे मानसिक तनाव में थे, इसकी जांच की जा रही है. क्या उन पर कोई बड़ा वित्तीय कर्ज था, पारिवारिक जिम्मेदारियों का बोझ था या नौकरी से जुड़ा कोई तनाव था, पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर इन सभी पहलुओं को खंगाल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की विस्तृत तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply