पुंछ: जम्मूकश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के पुंछ जिले में आतंकियों के एक ठिकाने का पता चला। सुरक्षाबलों ने इस ठिकाने से हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक का जखीरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने मंगलवार को पुंछ जिले के सुरनकोट में सजवान सेक्टर के सथरबन इलाके में आतंकियों के एक ठिकाने का पता लगाकर हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक बरामद किए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेशन सुरनकोट सेक्टर की RR बटालियन, रोमियो फोर्स और जम्मूकश्मीर पुलिस ने खास जानकारी के आधार पर चलाया था।
उन्होंने बताया कि इलाके की बारीकी से तलाशी लेने पर एक प्राकृतिक गुफा मिली, जिसमें एक AK47 राइफल, 30 राउंड गोलियां, छह ग्रेनेड और मेडिकल का सामान छिपाकर रखा गया था। उन्होंने आगे बताया कि बाद में बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को वहीं पर नष्ट कर दिया।



