India

​राहुल गांधी के घर चाय पर चर्चा; शाम को लग रहा विपक्ष के नेताओं का जमघट, क्या तैयारी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को मंगलवार शाम चाय पर बुलाया है। यह बैठक राहुल गांधी के 5 सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर होगी, जिसमें शामिल होने के लिए नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी भी बैठक में शामिल होने पहुंचीं हैं। इस टीमीटिंग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर आगे की रणनीति और केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष के रुख को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दल लोकतंत्र की रक्षा के जनांदोलन में एकजुट हैं और यह आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘आज मैंने INDIA गठबंधन के नेताओं, विपक्षी सांसदों, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों के साथियों को अपने घर चाय पर बुलाया है। लोकतंत्र की रक्षा के इस जनांदोलन में हम सब एक साथ हैं और यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा। चाय के बाद हम सभी मिलकर मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगे।’

राहुल गांधी की ओर से सोमवार को भेजे गए निमंत्रण में कहा गया, ‘आज लोकतंत्र के लिए मार्च और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल किए जाने के बाद इंडिया गठबंधन के नेताओं का मंगलवार दोपहर संयुक्त संवाददाता सम्मेलन होगा, चाय का कार्यक्रम भी होगा। मैं आपको मंगलवार, 13 अक्टूबर को शाम चार बजे 5 सुनहरी बाग रोड नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर आमंत्रित करता हूं।’

बैठक के दौरान किन मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के आवास पर होने वाली बैठक के दौरान वोट चोरी के खिलाफ संयुक्त विरोधप्रदर्शनों की रणनीति पर विचारविमर्श होने की संभावना है। विपक्षी दलों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। विपक्षी नेताओं ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से मतदाता सूची के SIR मुद्दे पर सरकार व निर्वाचन आयोग को घेर रहे हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची की शुचिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 2019 में दिए गए एक बयान को लेकर महाराष्ट्र की अधीनस्थ अदालत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ जारी मानहानि मामले की आगे की कार्यवाही पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने महाराष्ट्र सरकार और शिकायतकर्ता श्रीश्रीमल को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। मुंबई हाई कोर्ट के 8 सितंबर के आदेश को चुनौती देने वाली राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए SC की पीठ ने निर्देश दिया, ‘जारी किए गए नोटिस का 4 सप्ताह में जवाब दाखिल करें। अधीनस्थ अदालत के समक्ष आगे की कार्यवाही पर रोक रहेगी।’

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply