HealthIndiaTrending

पाचन के लिए लौंग’ के पानी का सेवन कैसे करता है असर, डॉक्टर से जानिए फायदे’ और तरीका

पाचन के लिए लौंग’ के पानी का सेवन कैसे करता है असर, डॉक्टर से जानिए फायदे’ और तरीका

अक्सर लोग पाचन से जुड़ी परेशानियों जैसे गैस,एसिडिटी और अपच से जूझते रहते हैं और इससे राहत पाने के लिए खाली पेट दवा, दिन भर में कई तरह के चूर्ण और सिरप का सेवन करते हैं, तो भी उन्हें पूरी तरह राहत नहीं मिलती। दवाओं का सेवन करने पर कुछ समय तक वो असर करती हैं उसके बाद फिर से वहीं परेशानी होने लगती है। पाचन से जुड़ी समस्याओं के लिए लाइफस्टाइल और डाइट में बदलाव करना जरूरी है, साथ ही बॉडी को एक्टिव रखना भी जरूरी है। कुछ देसी नुस्खे पाचन से जुड़ी समस्या से राहत पाने में असरदार साबित होते हैं। आजकल सुबह के समय कई तरह के डिटॉक्स वाटर को पीने का चलन जोरों पर है। किचन में मौजूद कुछ मसाले आपकी बॉडी को डिटॉक्स करते हैं साथ ही पाचन से जुड़ी समस्याओं में भी राहत देते हैं। लौंग किचन का एक ऐसा मसाला है जिसका सेवन मसाले के रूप में खाने में अरोमा और उसका फ्लेवर बढ़ाने के लिए किया जाता है।

इंदौर के तुलसी नगर की फूड हिस्टोरियन मनीषा सिंह के अनुसार लौंग के पानी की अरोमा ही सिर्फ अच्छी नहीं लगती बल्कि ये सेहत को फायदा भी पहुंचाती है। इस पानी का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और बॉडी हेल्दी रहती है। लौंग के पानी का सेवन करने से बॉडी को गर्माहट मिलती है और कई मौसमी बीमारियों से भी बचाव होता है। आइए जानते हैं कि लौंग का पानी कैसे पाचन को दुरुस्त करता है और इससे बॉडी को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

लौंग का पानी कैसे पाचन को दुरुस्त करता है?

कंसल्टेंट डाइटिशियन और सर्टिफाइड डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा के अनुसार, लौंग में मौजूद यूजेनॉल में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं जो सूजन को कंट्रोल करते हैं। इसका सीमित मात्रा में सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और मौसमी बीमारियों से बचाव होता है। लौंग के पानी का सेवन पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करता है जिससे लार ग्रंथियां और पेट में पाचक रस (Digestive Enzymes) अधिक मात्रा में बनते हैं। यह भोजन में मौजूद वसा, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट को आसानी से तोड़ने में मदद करता है। इस पानी का सेवन करने से पेट की गैस और ब्लोटिंग से राहत मिलती है।

इसमें मौजूद यूजीनॉल में कार्मिनेटिव (Carminative) गुण होते हैं, जो आंतों की मांसपेशियों को आराम देते हैं और पेट में बनी गैस को बाहर निकालने में मदद करते हैं। इस पानी का सेवन करने से पेट के अल्सर और एसिडिटी से बचाव होता है। लैब और पशुओं पर किए गए अध्ययनों में पाया गया है कि यूजीनॉल पेट की अंदरूनी परत में गैस्ट्रिक म्यूकस के उत्पादन को बढ़ाता है। यह म्यूकस पेट के एसिड से आंतों और पेट की दीवारों का बचाव करता है। इसके रोगाणुरोधी और एंटीबायोटिक प्रभाव आंतों में पनपने वाले हानिकारक बैक्टीरिया जैसे E. coli या H. pylori की वृद्धि को रोकते हैं और गट माइक्रोबायोम को संतुलित रखते हैं।

लौंग का पानी कैसे सेहत को पहुंचाता है फायदा

लौंग में एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, इनमें यूजेनॉल (Eugenol) प्रमुख है जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है और मौसमी बीमारियों से बचाव करता है। नियमित रूप से लौंग के पानी का सेवन करने से सर्दी, खांसी और फ्लू जैसी मौसमी समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है। मानसून के दौरान शरीर को हेल्दी और एनर्जेटिक रखने में भी लौंग के पानी का सेवन असरदार साबित होता है।

इसके अलावा, लौंग का पानी मुंह में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया को कम करता है और दांतों से जुड़ी समस्याओं जैसे दर्द,कैविटी और सूजन को कंट्रोल करता है। इस पानी का सेवन करने से ओरल हेल्थ में सुधार होता है। लौंग का पानी पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। यह पाचन एंजाइमों के स्राव को बढ़ाने में मदद कर सकता है, जिससे भोजन को तोड़ने और पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद मिलती है। इसके अलावा, लौंग का पानी बॉडी को डिटॉक्स करने में भी असरदार साबित होता है।

लौंग का पानी बनाने का सही तरीका

सामग्री

2-3 साबुत लौंग

1 कप फिल्टर किया हुआ पानी

बनाने का तरीका

सबसे पहले लौंग को हल्का सा कूट लें ताकि इसके आवश्यक तेल (Essential Oils) बाहर निकलने में मदद मिले। अब एक पैन में पानी लें और उसमें लौंग डालकर उबालें। आंच धीमी कर दें और इसे 5-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि लौंग के स्वाद और इसके सक्रिय यौगिक पानी में अच्छी तरह मिल जाएं। इसके बाद लौंग के पानी को छान लें और हल्का ठंडा होने के बाद पी सकते हैं। स्वाद को बेहतर बनाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस या शहद भी मिलाया जा सकता है। हालांकि, शुरुआत में कम मात्रा से इसका सेवन करना बेहतर है और बॉडी में होने वाले बदलाव को देखते हुए इसकी मात्रा को बढ़ाया जा सकता है।

लौंग के पानी का सेवन करते समय इन बातों का रखें ध्यान

लौंग का पानी सीमित मात्रा में आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसका सेवन करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। जो लोग खून पतला करने वाली दवाओं का सेवन करते हैं उन्हें लगातार इसका सेवन नहीं करना चाहिए। कुछ लोगों को लौंग से एलर्जी हो सकती है। प्रेग्नेंसी में लौंग के पानी का सेवन नहीं करें। बहुत अधिक मात्रा में लौंग का पानी पीने से मतली, उल्टी या लिवर से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के इलाज या नियमित सेवन के लिए अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply