हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद इलाके में मदद के बहाने एक बाइक सवार ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सुनसान खेतों में ले जाकर लूट लिया। आरोपी ने महिला के कानों से सोने की बालियां छीनने के दौरान उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों कान बुरी तरह फटने से महिला दर्द के कारण बेहोश हो गईं और खेतों में गिर पड़ीं। वारदात के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

कुरुक्षेत्र के चढ़ूनी गांव की रहने वाली 80 वर्षीय नानकी देवी अपने बेटे कर्म सिंह के साथ शरीफगढ़ गांव के बस अड्डे पर डॉक्टर से दवा लेने जाने के लिए खड़ी थीं। दोनों बस का इंतजार कर रहे थे, तभी वहां एक अज्ञात बाइक सवार युवक रुका। उसने बुजुर्ग महिला से कहा, “ताई, अगर कहीं जाना है तो मैं आपको छोड़ देता हूँ।” युवक की बात पर भरोसा करते हुए बेटे ने अपनी मां को उसकी बाइक पर बैठा दिया और खुद दूसरी बस से आने की बात कही। हालांकि, उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह भरोसा उनके परिवार के लिए भारी पड़ने वाला है।
खरींडवा गांव के पास सुनसान खेतों में दिया वारदात को अंजाम
आरोपी युवक नानकी देवी को शाहाबाद की तरफ ले जाने के बजाय रास्ते में खरींडवा गांव की ओर सुनसान खेतों के पास ले गया। वहां उसने बुजुर्ग महिला को चलती बाइक से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जमीन पर गिरने के बाद दर्द और झटके के कारण महिला बेहोश हो गईं। इसी हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उनके कानों से सोने की बालियां बेरहमी से नोच लीं और मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब नानकी देवी को होश आया, तो उनके कानों से लगातार खून बह रहा था और उन्हें असहनीय दर्द हो रहा था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत जुटाई और किसी तरह सड़क तक पहुंचीं।
फैक्ट्री कर्मचारियों ने पहुंचाया डॉक्टर के पास
लहूलुहान हालत में सड़क पर पहुंचीं नानकी देवी ने वहां से गुजर रहे लोगों से मदद मांगी। पास ही स्थित एक फैक्ट्री के कर्मचारियों ने उनकी हालत देखकर तुरंत उन्हें डॉक्टर के पास पहुंचाया। घटना की जानकारी उनके दूसरे बेटे को भी दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता घर पहुंचीं और पुलिस को अपने साथ हुई वारदात की पूरी जानकारी दी।
शाहाबाद पुलिस ने दर्ज की शिकायत, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना शाहाबाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। मदद का भरोसा देकर बुजुर्ग महिला को सुनसान जगह पर ले जाने और उनके कानों से सोने की बालियां छीनने की इस घटना ने क्षेत्र में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


