
पंचकूला: सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए मॉडिफाइड थार से स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में स्टंटबाजी के मामले में पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन का 22,500 रुपये का चालान काट दिया। इसके साथ ही थार को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया। कार्रवाई के बाद चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
दशहरा ग्राउंड में स्टंटबाजी की मिली थी जानकारी
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले सेक्टर-5 के दशहरा ग्राउंड में एक युवक मॉडिफाइड थार से स्टंट करता दिखाई दिया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक की पहचान की और उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
इसके बाद सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी वरिंद्र कुमार के नेतृत्व में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर वाहन का 22,500 रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने थार को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया।
गलती मानकर चालक ने मांगी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद चालक ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। उसने अन्य युवाओं से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें।
पुलिस कमिश्नर ने युवाओं को दी नसीहत
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ पलों की लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना सही नहीं है। उन्होंने युवाओं से सस्ती लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर पहचान बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई, खेल, कला और दूसरे रचनात्मक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाएं। उनकी सफलता और उपलब्धियां दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकती हैं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी से लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
सत्य रिपोर्ट डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी पर आधारित है। चालान और जब्ती से संबंधित विवरण उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तुत किए गए हैं।



