Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जीटावन स्थित एटीएस डोल्से सोसायटी में बदमाशों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाया. चोर फ्लैट में घुसे, अलमारी के लॉकर तोड़े और सोनेचांदी के गहने समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए. पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई है. हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने फ्लैट में बैठकर शराब पी और बाथरूम का इस्तेमाल करने के बाद वहां गंदगी भी फैलाई. परिवार जब बिहार स्थित अपने पैतृक गांव से लौटा, तब उसे चोरी की जानकारी हुई.

17 अक्टूबर को फ्लैट बंद कर गांव गया था परिवार
पीड़िता अपर्णा झा के मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ एटीएस डोल्से सोसायटी के टावर नंबर पांच की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर 5042 में रहती हैं. 17 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वह फ्लैट पर ताला लगाकर परिवार के साथ बिहार के मुंगेर जिले के रतौठा गांव चली गई थीं. परिवार 22 अक्टूबर की रात करीब 12:20 बजे वापस लौटा. फ्लैट का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचने पर उन्हें सामान बिखरा हुआ मिला. अलमारियां खुली थीं और लॉकर टूटा हुआ था. जांच करने पर पता चला कि उनके और उनकी मां के सोनेचांदी के गहने गायब हैं. चोर फ्लैट से करीब एक करोड़ रुपए का सामान लेकर फरार हो गए.
फ्लैट में बैठकर शराब भी पी
पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने चोरी करने के साथ फ्लैट के अंदर काफी उत्पात भी मचाया. ड्राइंग रूम में रखी ब्लैक लेबल शराब की बोतल खाली मिली. वहां शराब पीने के लिए इस्तेमाल किए गए गिलास भी पड़े थे. आरोप है कि बदमाशों ने दोनों बाथरूम का इस्तेमाल किया और गंदगी फैलाकर चले गए. बदमाशों ने बाथरूम में फ्लश तक नहीं किया. परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, चोरी में कितने लोग शामिल थे और वे सोसायटी में कैसे दाखिल हुए, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.
सुरक्षा व्यवस्था पर सोसायटी के लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि आरडब्ल्यूए और सुरक्षा गार्डों की लापरवाही के कारण इस तरह की वारदात हुई. निवासियों ने नवरात्र के दौरान सोसायटी परिसर में आयोजित डांडिया कार्यक्रम का भी जिक्र किया. उनका कहना है कि कार्यक्रम में बाहरी लोगों को भी प्रवेश दिया गया था. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश इसी दौरान सोसायटी में दाखिल हुए हों.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने फ्लैट की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस सोसायटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि बदमाशों के आनेजाने और वारदात के समय का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.



