Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है. बन्नादेवी थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर सरसौल के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार मनोज कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में है.

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि विवाद के बाद जानबूझकर की गई वारदात है. परिजनों के मुताबिक, मनोज और ऑडी कार में सवार लोगों के बीच रास्ता देने और हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी. विवाद के दौरान ऑडी सवार लोगों ने मनोज को जान से मारने की धमकी भी दी थी.
हॉर्न बजाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार बाइक से जा रहा था. इसी दौरान रास्ते और हॉर्न बजाने को लेकर उसकी ऑडी कार में सवार लोगों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज होने लगी. आरोप है कि ऑडी सवार लोग दबंगई दिखा रहे थे. विवाद के दौरान उन्होंने मनोज को धमकी भी दी थी. इसी रंजिश के चलते कार सवार लोगों ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी.
बाइक से गिरने के बाद युवक के ऊपर चढ़ाई कार
परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑडी कार ने पहले पीछे से बाइक में टक्कर मारी, जिससे मनोज और उसका साथी सड़क पर गिर गए. इसके बाद कार सवार लोगों ने गाड़ी पीछे की और मनोज के ऊपर चढ़ा दी. इस घटना में मनोज की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने कार को रोकने की कोशिश की. गुस्साए लोगों ने वाहन पर पत्थर भी फेंके, लेकिन आरोप है कि चालक मौके से भागने में सफल रहा.
वहीं घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. परिवार ने पुलिसप्रशासन से मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
20 तारीख की घटना, CCTV फुटेज वायरल
यह मामला सरसौल के पास 20 अक्टूबर को सामने आया था. मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई, जो गभाना थाना क्षेत्र के महरावल गांव का रहने वाला था. घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है.



