Andhra Pradesh News: मेरठ के ब्लू ड्रम और सांप कांड के बाद अब आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है. अवैध संबंधों के चलते एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को छुपाने के लिए शव को घने जंगल में दफना दिया. अपराध को अंजाम देने और सबूत मिटाने के तरीके ने लोगों को मशहूर थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम’ की याद दिला दी. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस ‘दृश्यम’ स्टाइल मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है और आरोपी पत्नी तथा उसके प्रेमी को सलाखों के पीछे भेज दिया है.

कुप्पम शहरी पुलिस की जांच में घटना की पूरी टाइमलाइन और साजिश सामने आई है. मृतक की पहचान तमिलनाडु के तिरुपत्तूर निवासी शशिकुमार के रूप में हुई है. शशिकुमार की पत्नी लक्ष्मी का प्रभु नाम के व्यक्ति के साथ विवाहेतर संबंध चल रहा था. पति को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने हत्या का खौफनाक प्लान बनाया. पुलिस की शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि इस महीने की पहली तारीख को शशिकुमार की हत्या कर उसके शव को कुप्पम के पास जंगल में दफना दिया गया था.
‘दृश्यम’ फिल्म जैसी साजिश, पर पुलिस की तफ्तीश में खुली पोल
शातिर आरोपियों ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए पूरे अपराध को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया. शव को जंगल में सुनसान जगह पर गाड़कर आरोपियों ने यह दिखाने की कोशिश की कि शशिकुमार कहीं गायब हो गया है. घटना का खुलासा होते ही कुप्पम क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मामला चर्चा का विषय बन गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए कुप्पम शहरी पुलिस ने जांच तेज की और शक के आधार पर पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी प्रभु को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
दोनों आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली है. पुलिस ने आरोपी पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी प्रभु को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस की टीमें अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से जंगल से शव के अवशेषों को रिकवर करने, हत्या में इस्तेमाल हथियारों और अपराध से जुड़े अन्य सबूतों को जुटाने में लगी हुई हैं.



