देश की सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर फिर एक बड़ा हादसा हुआ है. इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह हादसा सुलतानपुर जिले में दोस्तपुर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 162.7 पर बढ़ौली गांव के पास हुआ. सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया गया है. इनमें से दो घायलों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अंबेडकरनगर के लिए रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रांग साइड आई कार से टक्कर
जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ से एक परिवार अर्टिगा कार में सवार होकर लखनऊ की ओर जा रहा था. जैसे ही इनकी गाड़ी दोस्त पुर के पास पहुंची, सामने से एक रांग साइड में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आ गई. देखते ही देखते दोनों कारों में आमनेसामने टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
2 लोगों की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार सवार बिहार निवासी श्याम बिहारी सिंह और अजय कुमार गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई. इसी कार में सवार कन्हैया और अशोक कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं अर्टिगा कार में सवार रीता , उनकी बेटियां दीक्षा और दीपशिखा , आजमगढ़ के कलदूपुर निवासी गरिमा और संदीप यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
खरीदारी के लिए जा रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक रीता के परिवार में अगले महीने शादी है. इसके लिए खरीदारी करने के लिए वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लखनऊ जा रही थीं. उन्हें क्या पता कि बीच रास्ते में यह हादसा हो जाएगा और वह लखनऊ के बजाय अस्पताल पहुंच जाएंगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



