
मथुरा, उत्तर प्रदेश: हिंदू युवक से प्रेम विवाह करने के बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने उसके परिजनों पर हत्या करने और शव को दफनाकर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने युवती के भाई को गिरफ्तार किया है। मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली में आर्य समाज मंदिर में किया था प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के झुंझुनू जिले के निहालपुरा गांव निवासी रविंद्र कुमार और मथुरा के गोविंदनगर क्षेत्र की रहने वाली नाजिया के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। नाजिया के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं। इसके बाद दोनों ने 18 जून को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट स्थित आर्य समाज वैदिक ट्रस्ट में प्रेम विवाह कर लिया और साथ रहने लगे।
‘धूमधाम से शादी कराएंगे’ कहकर साथ ले गए परिजन
रविंद्र के मुताबिक, शादी के करीब डेढ़ महीने बाद 2 अगस्त को नाजिया के परिजन उसके घर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब उन्हें दोनों के रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है और एक महीने के भीतर समाज के सामने पूरे रीति-रिवाज से उनकी शादी कराई जाएगी।
परिजनों की बातों पर भरोसा करते हुए रविंद्र ने नाजिया को उनके साथ मथुरा भेज दिया। आरोप है कि मथुरा पहुंचने के बाद नाजिया का अपने पति से संपर्क बंद करा दिया गया। रविंद्र ने कई बार उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसे नाजिया के साथ अनहोनी होने का शक हुआ।
शिकायत के बाद कब्र से निकलवाया गया शव
नाजिया से संपर्क नहीं होने पर रविंद्र ने राजस्थान के पचेरीकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला मथुरा से जुड़ा होने के कारण जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे गोविंदनगर थाने भेज दिया गया।
इसके बाद मथुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रशासनिक अनुमति मिलने पर कब्र से नाजिया का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपों की जांच तेज कर दी।
भाई गिरफ्तार, अन्य परिजनों की तलाश
पुलिस के मुताबिक, रविंद्र की शिकायत के आधार पर नाजिया के भाई अकरम, मोहम्मद कैफ, सोहिब, मां, चाची, जीजा आजाद और बहन के खिलाफ हत्या तथा साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोविंदनगर थाने के उप निरीक्षक मयंक वत्स के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 80 फुटा रोड पर आइसक्रीम फैक्ट्री के पीछे रेलवे लाइन के पास से नाजिया के भाई मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
फिलहाल मामले में सभी आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी तय हो सकेगी।
सत्य रिपोर्ट डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध जानकारी और पुलिस कार्रवाई से संबंधित विवरणों के आधार पर तैयार की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही निकलेगा।



