
फुलवारी शरीफ, पटना, बिहार: राजधानी पटना के ईसापुर इलाके में देर रात जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उन्हें पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आसिफ अपने घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे अंडा खाने गए थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गोली लगते ही आसिफ सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानों व घरों में छिप गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जमीन विवाद में हमले की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में गोलीकांड के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुलिस्तान मोहल्ले में इस्लामिया बीएड कॉलेज के पास एक जमीन को लेकर आसिफ और दूसरे पक्ष के बीच बातचीत चल रही थी। इसी जमीन को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
घायल आसिफ ने अपने शुरुआती बयान में गुलिस्तान मोहल्ले के मोहम्मद कल्लू और उसके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि और हमले में उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दो बाइक पर सवार चारों हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। जमीन विवाद के अलावा पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल घायल कारोबारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सत्यम रिपोर्ट: पुलिस जांच जारी है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।



