
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: विकास खंड सोरांव के मनसैता गांव के ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव बृहस्पतिवार शाम से लापता हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। उनके दोनों मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ जा रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।
ग्राम प्रधान के अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। उनके भाई छत्रपाल यादव ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए तहरीर दी है। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, तलाश जारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ग्राम प्रधान की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है और उनके संपर्कों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल जानकीनाथ यादव के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार और ग्रामीण उनके सुरक्षित मिलने का इंतजार कर रहे हैं।



