CrimeIndia

​राजकीय महाविद्यालय चौखड़ा में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को इटवा थाना क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय चौखड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्राओं को शिक्षा और सुरक्षा के साथ महिला अपराध, साइबर अपराध, हेल्पलाइन नंबर, दहेज उत्पीड़न तथा नए कानूनों के बारे में जानकारी दी गई।

​राजकीय महाविद्यालय चौखड़ा में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान

प्रभारी निरीक्षक अनिल दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक श्रीराम यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगी तो अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में आरक्षी रोहित यादव और महिला आरक्षी साधना व रविता यादव ने दहेज उत्पीड़न की घटनाओं पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं से ऐसी घटनाओं की जानकारी पुलिस को देने की अपील की, ताकि इस तरह के मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

साइबर सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी और एटीएम कार्ड नंबर किसी के साथ साझा नहीं करने चाहिए। इसके अलावा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति के पंफलेट वितरित किए गए। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महिला सुरक्षा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply