IndiaTrending

पंजाब में चुनाव से पहले AAP में बड़ी टूट, दो विधायकों के इस्तीफे से मची हलचल, BJP में जाने की अटकलें तेज

पंजाब में चुनाव से पहले AAP में बड़ी टूट, दो विधायकों के इस्तीफे से मची हलचल, BJP में जाने की अटकलें तेज

पंजाब, भारत: विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को पंजाब में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के दो विधायकों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। इस्तीफा देने वालों में समाना से विधायक और पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा तथा सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।

दोनों विधायकों के पार्टी छोड़ने के पीछे टिकट कटने की नाराजगी को बड़ी वजह माना जा रहा है। दरअसल, शनिवार को आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके बाद से ही पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

अमित शाह की रैली में BJP में शामिल होने की चर्चा

दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद उनके भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि वे चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के दौरान भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, उनके भाजपा में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फेसबुक पोस्ट के जरिए दिया इस्तीफा

चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की जानकारी दी। वहीं, सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी अपनी पोस्ट में तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया।

AAP ने पहले ही बना ली थी दूरी

दोनों विधायकों के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि पार्टी ने दोनों की गतिविधियों के चलते पहले ही उनसे दूरी बना ली थी। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं और अब दोनों विधायक वहां शामिल होने जा रहे हैं।

गंभीर आरोपों में गिरफ्तार हो चुके हैं पठानमाजरा

हरमीत सिंह पठानमाजरा पहले भी कानूनी विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। मार्च में पंजाब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। वह छह महीने से अधिक समय से फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी समेत गंभीर आरोप लगाए गए थे। अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया था।

दो विधायकों के इस्तीफे से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों विधायक किस राजनीतिक दल का रुख करते हैं और चुनाव से पहले इसका आम आदमी पार्टी पर कितना असर पड़ता है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित है। मामले से जुड़े घटनाक्रम और राजनीतिक दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply