IndiaUttar Pradesh

​बरेली: होटल बुलाया, फिर तमंचा सटाकर छीन लिए 23 हजार… 2 लाख की फिरौती भी मांगी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवती से वॉट्सएप पर हुई दोस्ती युवक को भारी पड़ गई. आरोप है कि युवती ने पहले रुपये उधार मांगे और फिर मिलने के बहाने होटल बुला लिया. युवक होटल पहुंचा तो युवती वहां नहीं मिली. इसके बाद, कुछ युवक उसे कमरे में ले गए. वहां तमंचा दिखाकर मोबाइल और नकदी छीन ली. मारपीट कर वीडियो बनाने और चैट वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगे गए. पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

​बरेली: होटल बुलाया, फिर तमंचा सटाकर छीन लिए 23 हजार… 2 लाख की फिरौती भी मांगी

दरअसल, शाहजहांपुर के सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद मोहिद ने एसएसपी को शिकायत की है. मोहिद के मुताबिक, उनके पिता का मकान फरीदपुर के मोहल्ला ऊंचा में है. वह करीब दो महीने पहले तक वहां किराने की दुकान चलाते थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शिफा नाम की युवती से उनकी जानपहचान हो गई थी. दोनों के बीच वॉट्सएप पर बातचीत होने लगी.

होटल में मिलने बुलाया

मोहिद ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर को शिफा ने वॉट्सएप पर उनसे दो हजार रुपये उधार मांगे थे. युवती ने रुपये रेहान नाम के व्यक्ति के क्यूआर कोड पर भेजने को कहा. उन्होंने भरोसा करके दो हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. आरोप है कि अगले दिन 18 अक्टूबर को शिफा ने उन्हें बरेली के आलमगिरीगंज स्थित वसुंधरा होटल में मिलने के लिए बुलाया.

मोहिद के अनुसार, वह सुबह करीब 8:20 बजे होटल पहुंच गए, लेकिन वहां शिफा नहीं मिली. इसी दौरान नन्नू, जीशान का भाई और एक अन्य युवक उन्हें मिले. आरोप है कि तीनों उन्हें होटल के कमरा नंबर 202 में ले गए. युवक को उस समय अंदाजा भी नहीं था कि होटल में उसके साथ क्या होने वाला है.

तमंचा दिखाकर छीना मोबाइल

पीड़ित का आरोप है कि होटल के कमरे में पहुंचते ही नन्नू ने उन पर तमंचा तान दिया. इसके बाद उनका मोबाइल छीन लिया और कुर्ते की जेब में रखे 16 हजार रुपये निकाल लिए. विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और कमरे में बंधक बना लिया. आरोप है कि इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया गया. इसके बाद शिफा के साथ हुई वॉट्सएप चैट को वायरल कर समाज में बदनाम करने की धमकी दी गई. आरोपितों ने चैट सार्वजनिक करने की बात कहकर दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी. पीड़ित का कहना है कि वह डर गए थे और आरोपितों के दबाव में आ गए.

बंधक बनाकर मांगे दो लाख रुपए

मोहिद ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उनसे 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये अलगअलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराने की कोशिश की. हालांकि, ये लेनदेन सफल नहीं हो सके. इसके बाद आरोपी उन्हें कई एटीएम और जनसेवा केंद्रों पर लेकर गए, ताकि किसी तरह रुपये निकलवाए जा सकें. शिकायत के मुताबिक, आखिर में सिटी हार्डवेयर नाम की दुकान पर एक व्यक्ति के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए. इससे पहले दो हजार रुपये उधार और 16 हजार रुपये नकद लेने का आरोप है. इस तरह पीड़ित के मुताबिक, कुल 23 हजार रुपये उससे ले लिए गए.

मोहिद का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपितों की धमकियां बंद नहीं हुई हैं. फोन करके लगातार दो लाख रुपये की मांग की जा रही है. रुपये नहीं देने पर वॉट्सएप चैट वायरल करने की धमकी दी जा रही है. पीड़ित ने शिफा, नन्नू, जीशान के भाई और एक अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply