India

​नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस में होगा सबसे बड़ा बदलाव, पहली बार मिलेगा फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इंजन!

टोयोटा अपनी लोकप्रिय प्रीमियम MPV इनोवा हाईक्रॉस का फेसलिफ्ट मॉडल भारत में 25 नवंबर को लॉन्च करने जा रही है. इस नए मॉडल में डिजाइन से लेकर फीचर्स और इंजन तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. खास बात यह है कि नई इनोवा हाईक्रॉस में 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और फ्लेक्सफ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है.

​नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस में होगा सबसे बड़ा बदलाव, पहली बार मिलेगा फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इंजन!

इसका अपडेटेड मॉडल इंडोनेशिया में पहले ही लॉन्च हो चुका है. वहां इसे Kijang Innova Zenix नाम से बेचा जाता है. इंडोनेशिया में लॉन्च हुए मॉडल के फीचर्स से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत आने वाली नई इनोवा हाईक्रॉस में क्या बदलाव मिलेंगे.

नया फ्रंट लुक और बदली हुई लाइट्स

इंडोनेशिया में कंपनी ने इसके बाहरी डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, लेकिन भारत में आने वाले फेसलिफ्ट मॉडल का लुक अलग हो सकता है. टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, नई इनोवा हाईक्रॉस में नई फ्रंट ग्रिल, पहले से पतली हेडलाइट्स, बदले हुए बंपर और नए टेललैंप दिए जा सकते हैं. इन बदलावों से MPV का फ्रंट और रियर लुक पहले से ज्यादा आकर्षक हो सकता है.

मिलेगी 12.3 इंच की बड़ी टचस्क्रीन

नई इनोवा हाईक्रॉस के इंटीरियर में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मौजूदा मॉडल में मिलने वाली 10.1 इंच की टचस्क्रीन की जगह 12.3 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है. इसके अलावा, इसके इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में भी बदलाव होने की उम्मीद है. मौजूदा मॉडल में मिलने वाले एनालॉग मीटर और बीच में छोटी MID स्क्रीन की जगह 12.3 इंच का पूरी तरह डिजिटल डिस्प्ले मिल सकता है. इंडोनेशिया में इसके हाइब्रिड वेरिएंट में 12.3 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है, जबकि पेट्रोल वेरिएंट में 7 इंच की स्क्रीन मिलती है.

नई इनोवा में कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, इमरजेंसी SOS बटन और इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट वाली ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं. हालांकि, इनमें से कुछ फीचर्स टॉप वेरिएंट तक सीमित रह सकते हैं.

फ्लेक्सफ्यूल हाइब्रिड इंजन होगा सबसे बड़ा बदलाव

नई इनोवा हाईक्रॉस का सबसे बड़ा अपडेट इसका इंजन हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इसमें फ्लेक्सफ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन दे सकती है. ऐसा होने पर यह भारत में इस तरह की तकनीक वाली पहली MPV हो सकती है. इसमें मौजूदा 2.0लीटर, 4सिलेंडर पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन को बरकरार रखा जा सकता है. हालांकि, इंजन में कुछ बदलाव किए जाएंगे, ताकि यह ज्यादा मात्रा में एथेनॉल मिले पेट्रोल पर भी चल सके.

नई इनोवा हाईक्रॉस E30 या इससे ज्यादा एथेनॉल वाले फ्यूल के साथ आ सकती है. E30 का मतलब है कि पेट्रोल में 30% एथेनॉल मिलाया गया है. फिलहाल कंपनी की ओर से भारत में आने वाले फेसलिफ्ट मॉडल के सभी फीचर्स और इंजन की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply