बिहार के दरभंगा में एक इंजीनियर के साथ डेढ़ करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने वाली कोई लड़की है. कुछ समय पहले वह इंस्टाग्राम के जरिए इंजीनियर के संपर्क में आई. फिर दोस्ती, प्यार और शादी का झांसा देकर सुनहरे भविष्य का सपना दिखाया और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर इंजीनियर के डेढ़ करोड़ रुपये लूट ले गई.

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित इंजीनियर ने पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस को दिए शिकायत में पीड़ित इंजीनियर दीपक कुमार ने बताया कि वह दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र में नवादा गांव का रहने वाला है. बताया कि करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की से दोस्ती हुई. उस लड़की ने पहले प्यार, फिर शादी का झांसा देते हुए बेहतर जिंदगी का सपना दिखाया.
3 महीने चला ठगी का खेल
पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उसके डेढ़ करोड़ रुपये लेकर फरार हो गई. ठगी का यह पूरा खेल महज तीन महीने तक चला. इस दौरान युवती ने इंजीनियर को अपनी बातों में उलझाकर अलगअलग 30 बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए. पीड़ित के मुताबिक तीन महीने तक संपर्क में रहने के बावजूद भी इस लड़की ने कभी वीडियो कॉल पर बात नहीं की. हमेशा उसने ऑडियो कॉल पर ही उससे बातचीत की.
ऐसे हुआ ठगी का एहसास
पीड़ित के मुताबिक इसी बीच उसे पैसों की जरूरत पड़ी और उसने अपनी जमा राशि वापस मांगी. इस पर युवती ने बताया कि सिस्टम में मेंटेनेंस का काम चल रहा है, इसलिए पैसे मिलने में दो से तीन दिन का समय लगेगा. जब दोतीन दिन बाद भी रुपये नहीं मिले और दीपक ने दोबारा पैसे मांगे तो युवती ने शर्त रखी कि जमा राशि वापस लेने के लिए पहले 25 प्रतिशत अतिरिक्त रकम देनी होगी. इससे दीपक को एहसास हो गया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है. फिर उसने पुलिस में तहरीर दी है.



