
गुरुग्राम, हरियाणा: शहर में पुलिसकर्मियों ने मुश्किल समय में एक गर्भवती महिला की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। सेक्टर-68 स्थित M3M मरीना सोसाइटी के पास एक महिला अचानक प्रसव पीड़ा से परेशान हो गई। उसकी हालत गंभीर होती देख मौके पर पहुंची पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) में ही महिलाओं की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने बेटे को जन्म दिया।
डिलीवरी के बाद पुलिसकर्मी जच्चा और बच्चे को बादशाहपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां दोनों को भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मां और नवजात को स्वस्थ बताया।
चाय का ठेला लगाने वाली महिला ने पुलिस को दी सूचना
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-68 स्थित M3M मरीना सोसाइटी के पास उर्मिला नाम की महिला चाय का ठेला लगाती हैं। उन्होंने पुलिस को फोन कर बताया कि उनके ठेले के पास एक गर्भवती महिला खड़ी है, जिसे तेज प्रसव पीड़ा हो रही है और उसकी हालत भी ठीक नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस की ERV-235 मौके पर पहुंची। वाहन में तैनात ईएचसी संदीप और चालक कांस्टेबल संदीप ने महिला की स्थिति देखी तो महसूस हुआ कि प्रसव कभी भी हो सकता है।
पुलिस वाहन में ही कराया गया प्रसव
महिला की हालत को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत मदद की व्यवस्था की। आसपास मौजूद महिलाओं के सहयोग से पुलिस की ERV को अस्थायी डिलीवरी रूम बनाया गया। इसी दौरान गर्भवती महिला ने बेटे को जन्म दिया।
प्रसव के बाद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए मां और नवजात को बादशाहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों की जांच की और उनकी हालत स्वस्थ बताई।
पुलिसकर्मियों की मदद की हो रही सराहना
मुश्किल घड़ी में समय पर सहायता मिलने से महिला और उसके नवजात को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। इस घटना में पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद उर्मिला और अन्य महिलाओं ने भी अहम भूमिका निभाई।
Satya Report Disclaimer: यह खबर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित है।



