IndiaUttar Pradesh

​मथुरा में पकड़ी गई 25 क्विंटल मिलावटी पनीर, खाद्य विभाग ने मौके पर ही कराया नष्ट

Mathura News: मथुरा में दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. यहां कोसीकलां में मिलावटी पनीर की बड़ी खेप पकड़ी गई है. खाद्या विभाग ने राजस्थान से मथुरा आ रही बोलेरो पिकअप गाड़ी से 2500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा. खाद्य विभाग ने जनहित में पूरे पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया.

​मथुरा में पकड़ी गई 25 क्विंटल मिलावटी पनीर, खाद्य विभाग ने मौके पर ही कराया नष्ट

नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है. जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी मथुरा के आदेश पर 6 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ NH19 स्थित बठैन गेट पुलिस चौकी के पास चेकिंग की.

राजस्थान के कामां से आ रही गाड़ी गई रोकी

इस दौरान राजस्थान के कामां से आ रही बोलेरो पिकअप संख्या UP85CT4449 को रोककर निरीक्षण किया गया. वाहन चालक सलीम ने बताया कि गाड़ी में कामां स्थित पनीर निर्माण डेयरी से बिक्री के लिए करीब 2500 किलो पनीर लाया जा रहा था. जांच के दौरान कारोबारी पनीर की खरीदबिक्री से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका और उसके जबाब से भी टीम को संतोष नहीं हुआ.

दो नमूने जांच के लिए भेजे

इसके बाद टीम ने पनीर की जांच की. विभाग की टीम ने पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई. इसके बाद खाद्य विभाग ने दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए. वहीं, पूरे 2500 किलो संदिग्ध पनीर को जनहित में नष्ट करा दिया गया. खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लैब की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

लैब रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी. इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह शामिल रहे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply