
हापुड़, उत्तर प्रदेश: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर खेल रही बच्ची को पटाखे दिलाने का लालच देकर एक किरायेदार अपने साथ सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ यौन अपराध किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले का एक युवक मौके पर पहुंचा और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से फरार हो गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पटाखे दिलाने का झांसा देकर बच्ची को ले गया
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 5 नवंबर की शाम करीब 6 बजे की है। बाबूगढ़ क्षेत्र की रहने वाली महिला की 10 वर्षीय बेटी घर के गेट के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान घर के सामने किराये पर रहने वाला राजू नेपाली वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बच्ची को दीपावली के पटाखे दिलाने का लालच दिया और उसे अपने साथ पास स्थित बिजलीघर की चारदीवारी के अंदर बने सार्वजनिक शौचालय में ले गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा युवक
बताया गया कि घटना के दौरान बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर मोहल्ले में रहने वाला प्रिंस नाम का युवक मौके पर पहुंच गया। उसने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की और कुछ समय के लिए उसे दबोच भी लिया, लेकिन आरोपी कथित तौर पर किसी तरह वहां से भाग निकला। इसके बाद युवक बच्ची को सुरक्षित उसके घर पहुंचा आया।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे लेकर बाबूगढ़ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। बच्ची ने दर्द की शिकायत भी की, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के मुताबिक, पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले



