Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में शनिवार को हनुमान जयंती के दिन दसवें दीपोत्सव की शुरुआत हो रही है. उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन राम मंदिर परिसर में दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे. उनके आने की तैयारियों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव गोविंद देव गिरी और कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका भी अयोध्या पहुंच गए हैं. राम मंदिर में हनुमान जयंती गोधिलू बेला में मनाई जाएगी.

रमालला के अस्थायी मंदिर में जो हनुमान जी का श्रीविग्रह विराजमान है उसका यज्ञशाला में वैदिक आचार्य अनुष्ठान के साथ पूजन कर रहे हैं. परकोटे के दक्षिणी भुजा के मध्य नवनिर्मित हनुमान मंदिर में भी रामलला के अर्चकों की पूजा शुरू कर दी गई है. इसी के साथ ही राम मंदिर परिसर दीपों की रौशनी से जगमगा उठेगा. दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
अयोध्या रौशनी से सजाई जा रही
पूरी अयोध्या पारंपरिक दीपों के साथ आधुनिक रौशनी से सजाई जा रही है. राम की पैड़ी पर 30 लाख दीये जलाए जाएंगे. धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभों के माध्यम से रामायण के प्रसंग दिखाए जाएंगे. नेशनल हाईवे से प्रवेश द्वार तक दोनों तरफ 1212 फीट ऊंचे ये स्तंभ डिजिटल लाइट शो का हिस्सा होंगे. रामकथा पार्क, लता चौक, हनुमानगढ़ी, बिरला मंदिर, तुलसी उद्यान, भजन संध्या स्थल और सरयू पुल समेत प्रमुख स्थलों पर आकर्षक लाइटें लगाई जा रही हैं.
उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम करेंगे आरती
राम मंदिर परिसर में भी दीपोत्सव की भव्य तैयारी है. राम मंदिर, राम दरबार, परकोटे के सभी छह मंदिरों, शेषावतार मंदिर और कुबेर टीला स्थित महादेव मंदिर में 10 हजार देसी घी के दीप जलाए जाएंगे. सप्त मंडपम समेत पूरे परिसर में 51 हजार मोम के दीपों की व्यवस्था की गई है. मंदिर के प्रवेश द्वारों से लेकर पूरे पथ पर सरसों के तेल के दीप जलाए जाएंगे. उपराष्ट्रपति, राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ मंदिर में दीपोत्सव के अवसर पर एक साथ श्रीरामलला की आरती करेंगे.



