ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

रायगढ़​​​ में दो जुआ अड्डों पर पुलिस की एक साथ रेड, 29 लोग पकड़े गए; लाखों की नकदी बरामद

रायगढ़​​​ में दो जुआ अड्डों पर पुलिस की एक साथ रेड, 29 लोग पकड़े गए; लाखों की नकदी बरामद

रायगढ़, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस की विशेष टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी के निर्देश पर बनाई गई विशेष टीम

जानकारी के मुताबिक, जिले में जुआ और सट्टे पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ‘ऑपरेशन अंकुश’ चलाया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी सीएसपी रायगढ़ राहुल उइके को सौंपी गई है।

इसी अभियान के दौरान पुलिस को खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। इसके बाद विशेष टीम गठित कर दोनों जगहों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।

रानीसागर में स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ

पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर में पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के अंदर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाया जा रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 19 लोगों को पकड़ लिया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और प्लास्टिक की बोरी जब्त की गई।

तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में खेल रहे थे जुआ

दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। यहां दीवार के किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपये लगाए जा रहे थे।

सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस ने 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की।

दोनों मामलों में 29 आरोपियों पर कार्रवाई

पुलिस ने दोनों स्थानों से गिरफ्तार किए गए कुल 29 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर पुलिस द्वारा जारी जानकारी और उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों के आधार पर तैयार की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply