Diwali Muhurat Trading 2026 शुरू हो चुकी है. उम्मीद के अनुसार शेयर बाजार में 400 से ज्यादा अंकों का उछाल देखने को मिला है. खास बात तो ये है कि महज 1 घंटे की इस मूहुर्त ट्रेडिंग के दौरान 5 मिनट के अंदर शेयर बाजार निवेशकों को 4.60 लाख करोड़ रुपए का फायदा हो चुका है. वैसे टाटा स्टील के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है. वहीं दूसरी ओर सनफार्मा, मारुति, अडानी पोर्ट और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी इजाफा देखने को मिल रहा है.

साथ ही नवंबर के महीने में विदेशी निवेशकों ने करीब 40 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है. करीब 25 महीने के बाद किसी एक महीने में विदेशी निवेशकों की ओर से एक महीने में इतनी बड़ी रकम निवेश की गई है. जिसका असर भी शेयर बाजार में देखा गया है. पिछले हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 8 फीसदी का इजाफा देखने को मिला था. जिसकी वजह से शेयर बाजार निवेशकों को 29 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर स्पेशल मूहुर्त ट्रेडिंग के दौरान शेयर बाजार में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.
शेयर बाजार में अच्छी तेजी
मूहुर्त ट्रेडिंग के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक अच्छी तेजी के साथ शुरू हुआ. कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 414 अंकों के उछाल के साथ 81,442.11 अंकों पर पहुंच गया. वैसे सेंसेक्स 271.32 की उछाल के साथ 81,299.34 अंकों पर ओपन हुआ था. साथ कारोबारी सत्र के दौरान 80,932.42 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी गया. वैसे 2 बजकर 35 मिनट पर सेंसेक्स 243 अंकों की तेजी के साथ 81,270.62 अंकों पर कारोबार कर रहा था.
वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 40 अंकों की तेजी के साथ 25,070.45 अंकों पर ओपन हुआ और कारोबारी सत्र के दौरान करीब 100 अंकों की तेजी के साथ 25,131.85 अंकों के दिन के हाई पर पहुंचा. वैसे 25,038.75 अंकों के साथ निफ्टी दिन के लोअर लेवल पर भी दिखाई दिया. 2 बजकर 38 मिनट पर निफ्टी करीब 91 अंकों की तेजी के साथ 25,112 अंकों पर कारोबार कर रहा था.
किन शेयरों में दिखी तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर टाटा स्टील 2.30 फीसदी की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है. सनफार्मा में 2.20 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है. अडानी पोर्ट, बीईएल, मारुति, एक फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं. पॉवरग्रिड, अल्ट्रा सीमेंट, इटरनल, एचसीएल टेक, टीसीएस आईसीआईसीआई बैंक भी हरे निशान पर कारोबार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एशियन पेंट, ट्रेंट, इंफोसिस आदि कंपनियों में मुनाफावसूली देखने को मिल रही है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सनफार्मा, टाटा स्टील, ओएनजीसी अडानी पोर्ट, टाटा मोटर्स पैसेंजर्स व्हीकल के शेयर तेजी के साथ कारोबार करते हुए दिखाई दिए. वहीं दूसरी ओर इंडिगो, एसबीआई लाइफ, इंफोसिस, भारती एयरटेल और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है.
शेयर बाजार निवेशकों को मोटा फायदा
वहीं दूसरी ओर शेयर बाजार निवेशकों को मोटा फायदा हुआ है. करीब 5 मिनट के अंदर निवेशकों की झोलीइ में 4.60 लाख करोड़ रुपए आ गए. आंकड़ों को देखें तो शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मार्केट कैप 5,03,06,833.71 करोड़ रुपए था. जोकि मूहुर्त ट्रेडिंग के दौरान 5,07,66,868.41 करोड़ रुपए पर आ गया. इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में 4,60,034.7 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ. यही निवेशकों का फायदा भी है.



