चीन की वाहन कंपनी BYD की लग्जरी कार ब्रांड Yangwang ने अपनी इलेक्ट्रिक हाइपरकार U9 Xtreme के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है. इस कार ने 503.17 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड हासिल करके दुनिया की सबसे तेज प्रोडक्शन कार का नया रिकॉर्ड बनाया है. खास बात यह है कि 500 kmph की रफ्तार पार करने वाली यह दुनिया की पहली प्रोडक्शन कार और पहली इलेक्ट्रिक प्रोडक्शन कार बन गई है.

इससे पहले सितंबर 2025 में इसी कार ने जर्मनी के ATP ऑटोमोटिव टेस्टिंग पैपेनबर्ग ट्रैक पर 496.22 kmph की रफ्तार हासिल की थी. अब इसने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
Breaking the 500 km/h barrier!
The YANGWANG U9 Xtreme has achieved a top speed of 503.17 km/h in Abu Dhabi, becoming the first production car to surpass the 500 km/h threshold.
The FIA has officially recognised this remarkable speed achievement, marking a significant milestone in electric vehicle technology and automotive engineering
#FIAhttps://t.co/et46fD3o2n
— FIA November 6, 2026
अबू धाबी की सड़क पर बनाया नया रिकॉर्ड
यह रिकॉर्ड 1 नवंबर 2026 को संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में बनाया गया. यह स्पीड टेस्ट अल धफरा इलाके में शेख खलीफा बिन जायद इंटरनेशनल रोड पर किया गया. जर्मनी के रेसिंग और एंड्योरेंस ड्राइवर मार्क बासेंग ने इस दौरान कार चलाई. कंपनी के मुताबिक, रिकॉर्ड बनाने से पहले टीम ने काफी तैयारी की थी. सड़क की सतह की जांच और सफाई की गई. इसके अलावा बैटरी और मोटर का तापमान सही रखा गया. तेज रफ्तार पर कार को स्थिर बनाए रखने के लिए सस्पेंशन सॉफ्टवेयर, एयरोडायनामिक्स और टायरों के प्रेशर में भी बदलाव किए गए.
इस उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट संस्था FIA से भी मान्यता मिली है. साथ ही कार और इसके टायरों के नाम चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हुए हैं. इनमें सबसे तेज प्रोडक्शन कार, सबसे तेज इलेक्ट्रिक प्रोडक्शन कार, दुनिया का सबसे तेज इलेक्ट्रिक वाहन टायर और सबसे तेज रोड कार टायर शामिल हैं.
चार इलेक्ट्रिक मोटर से मिलती है 3,000 PS से ज्यादा ताकत
Yangwang U9 Xtreme में चार इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं. ये मिलकर 3,000 PS से ज्यादा की ताकत पैदा करती हैं. इसकी हर मोटर 30,000 RPM तक की रफ्तार से घूम सकती है. कंपनी ने इसकी मोटरों में खास तरह के अल्ट्राथिन सिलिकॉन स्टील और मजबूत कंपोनेंट्स का इस्तेमाल किया है, जिससे इनकी क्षमता और काम करने की दक्षता बेहतर होती है.
इस कार में 1,200V का अल्ट्राहाईवोल्टेज इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है. इसकी तुलना में सामान्य Yangwang U9 में 800V का सिस्टम मिलता है. इसमें लिथियम आयरन फॉस्फेट तकनीक वाली Blade Battery दी गई है, जिसकी डिस्चार्ज क्षमता 30C है. कंपनी का दावा है कि इससे कार को ज्यादा पावर मिलती है और बैटरी का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है.
हाई स्पीड के लिए खास टायर और सस्पेंशन
तेज रफ्तार पर कार को बेहतर पकड़ और संतुलन देने के लिए इसमें खास सेमीस्लिक टायर लगाए गए हैं. इन्हें Giti Tire के साथ मिलकर तैयार किया गया है. इसके अलावा कार में अपडेटेड DiSusX इंटेलिजेंट बॉडी कंट्रोल सिस्टम दिया गया है. यह इलेक्ट्रॉनिक सस्पेंशन सिस्टम चारों पहियों को अलगअलग तरीके से कंट्रोल कर सकता है. इससे तेज रफ्तार में कार के मुड़ने, ब्रेक लगाने और अचानक रफ्तार बढ़ाने के दौरान बेहतर स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलती है.





