CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

प्रयागराज​​​​ में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से खुला रिश्तों का विवाद, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार; झगड़े के बाद हुई थी वारदात

प्रयागराज​​​​ में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से खुला रिश्तों का विवाद, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार; झगड़े के बाद हुई थी वारदात

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: यमुनापार के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित शिक्षक नगर मोहल्ले में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके साथ रह रही महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने पत्थर से युवक के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय शेखर धरकार के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था और पिछले कुछ समय से मध्य प्रदेश के बरदहा इटमा गांव की रहने वाली उर्मिला केवट के साथ रह रहा था।

विवाद के बाद सिर पर किया पत्थर से हमला

शेखर के पिता हिरई धरकार ने पुलिस को घटना की सूचना दी। उनके मुताबिक, सोमवार दोपहर शेखर और उर्मिला के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि उर्मिला ने गुस्से में शेखर के सिर पर पत्थर से वार कर दिया।

हमले में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रीतम तिवारी घायल युवक को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले से शादीशुदा था शेखर

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, शेखर की शादी करीब 15 साल पहले सरिता से हुई थी। उसकी पांच बेटियां हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटियां अपनी मां के साथ मायके में रहती हैं। बताया गया है कि सरिता पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही थी।

वहीं, उर्मिला भी अपने साथ करीब ढाई साल के बच्चे को लेकर शेखर के घर आई थी और दोनों साथ रह रहे थे।

पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

शेखर के पिता ने उर्मिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले शेखर शराब के नशे में था और कथित तौर पर उर्मिला के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान महिला ने मौका पाकर उसके सिर पर पत्थर से हमला किया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply